लाइव इवेंट में भोजपुरी सिंगर निशा उपाध्याय को लगी गोली, हर्ष फायरिंग में हुईं घायल

Last Updated 02 Jun 2023 10:52:45 AM IST

लोकप्रिय भोजपुरी गायिका निशा उपाध्याय बिहार के सारण जिले के जनता बाजार थाना अंतर्गत सेंदुआर गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर हर्ष में चलायी गई गोली लगने से घायल हो गई हैं। यह जानकारी पुलिस ने गुरूवार को दी।


पुलिस ने बताया कि मंगलवार को सेंदुरवा गांव में उपाध्याय के कार्यक्रम में आए कुछ लोगों ने गोली चला दी जो उपाध्याय की बाईं जांघ में लगी। पुलिस ने बताया कि

घटना के बाद गायिका को तुरंत पटना के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद घटना प्रकाश में आयी।

जनता बाजार थाना प्रभारी नसरुद्दीन खान ने कहा, ‘‘इस घटना से संबंधित कोई शिकायत पुलिस थाने में दर्ज नहीं कराई गई है। मुझे भी घटना की जानकारी सोशल मीडिया से ही मिली है। इस संबंध में और जानकारी जुटाई जा रही है।’’

निशा की हालत अब स्थिर बतायी गई है।

घटना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बिहार के कला एवं संस्कृति मंत्री जितेंद्र कुमार राय ने पीटीआई- को फोन पर बताया, ‘‘मुझे इस घटना के बारे में सूचित किया गया है। यह बेहद निंदनीय है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए। लोगों को पता होना चाहिए कि सार्वजनिक समारोहों, धार्मिक स्थलों, विवाह या अन्य समारोहों में जश्न मनाने के लिए लाइसेंसी बंदूकों से गोलीबारी करना एक अपराध है। आरोपी को सजा मिलनी चाहिए।’’
 

भाषा
छपरा


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment