बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने की आत्महत्या, घर पर लगाई फांसी

Last Updated 14 Jun 2020 03:16:24 PM IST

बॉलीवुड जगत से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में रविवार की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी।


सुशांत सिंह राजपूत ने की आत्महत्या

बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत (34) ने मुंबई में अपने आवास पर आत्महत्या कर ली है। वह रविवार की सुबह बांद्रा में अपने अपार्टमेंट में फांसी के फंदे से लटके हुए पाए गए, जिसके बाद उनके घर पर काम करने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस इसकी सूचना दी।

राजपूत को नीरज पांडे की 2016 में रिलीज हुई 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' में अपनी मुख्य भूमिका के लिए विशेष रूप जाना जाता है, जो कि भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक है।

उन्होंने अभिषेक कपूर की 2013 में रिलीज हुई 'काई पो चे' से अपने फिल्मी करियर की शुरूआत की और इसके बाद वह 'डिटेक्टिव ब्योमकेश बख्शी', 'राब्ता', 'केदारनाथ' और 'शुद्ध देसी रोमांस' जैसी फिल्मों में नजर आए।

संयोग से सुशांत की प्रबंधक (मैनेजर) ने भी कुछ दिनों पहले ही आत्महत्या कर ली थी।

बांद्रा पुलिस की एक टीम जांच कर रही है। पड़ताल के बाद ही घटनाक्रम के बारे में आगे की जानकारी मिल पाएगी।

डांसर से अभिनेता बनें सुशांत सिंह राजपूत

बतौर डांसर से अपने करियर की शुरूआत करने वाले सुशांत सिंह राजपूत ने टीवी इंडस्ट्री के साथ ही फिल्म इंडस्ट्री में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

सुशांत सिंह राजपूत का जन्म 21 जनवरी 1986 को बिहार की राजधानी पटना में हुआ। सुशांत ने अपनी प्रारभिक शिक्षा सेंट कैरेंस हाई स्कूल, पटना से शुरू की। सुशांत ने अपनी आगे की पढ़ाई दिल्ली के कुलाची हंसराज मॉडल स्कूल से हुई है।

उन्होंने दिल्ली कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की। सुशांत फिल्मी दुनिया में अपना करियर बनाना चाहते थे और अपने सपनों को उड़ाने देने के लिए उन्होंने मायानगरी मुंबई का रूख किया। सुशांत ने अपने करियर की शुरूआत बतौर बैकअप डांसर की। उन्होंने फिल्मफेयर अवार्डस शो में भी कई बार डांस किया।

इसी शो के दौरान सबसे पहले बालाजी टेलीफिल्मस की कास्टिंग टीम ने उन्हें नोटिस किया जिसके बाद उनके करियर की शुरूआत ‘किस देश में है मेरा दिल’ नामक सीरियल से हुई जिसमें उन्होंने प्रीत जुनेजा का किरदार निभाया था। जीटीवी. का शो ‘पवित्र रिश्ता’ सुशांत के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुआ। इसके बाद वे डांस रियलिटी शो ‘जरा नच के दिखा 2 और झलक दिखला जा 4 में भी दिखाई दिए। कम समय में ही टेलीविजन के बड़े सितारे बन चुके सुशांत ने फिल्मों का रूख कर लिया।
 

वार्ता/आईएएनएस
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment