संगीतकार-गायक वाजिद खान के निधन पर बॉलीवुड ने जताया शोक

Last Updated 01 Jun 2020 03:59:38 PM IST

बॉलीवुड की मशहूर संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद के वाजिद खान के निधन पर बॉलीवुड सितारों ने शोक जताया।


संगीतकार जोड़ी सलीम-सुलेमान के सलीम मर्चेंट ने ट्वीट किया, “साजिद-वाजिद फेम के मेरे भाई वाजिद के निधन की खबर से गहरा दुख हुआ। अल्लाह परिवार को ताकत दे। आप बहुत जल्दी चले गए यह हमारी बिरादरी के लिए एक बड़ा नुकसान है। मैं हैरान हूं और टूट गया हूं।”

बिग बी ने उनके निधन पर शोक जताते हुए कहा, ‘‘ वाजिद खान के निधन की खबर सुन सदमे में हूं। एक उज्ज्वल प्रतिभा हमें छोड़कर चली गई। दुआ, प्रार्थना और सांत्वना।’’

 

अक्षय कुमार ने ट्वीट किया, ‘‘ प्रतिभाशाली और हंसमुख.... बहुत जल्दी चले गए। भगवान इस मुश्किल घड़ी में उनके परिवार को हिम्मत दे।’’



अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने वाजिद खान के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया है, “बहुत बुरी खबर, वाजिद खान भाई के बारे में एक बात जो मुझे हमेशा याद रहेगी वो है वाजिद भाई की हंसी। हमेशा मुस्कुराता, बहुत जल्दी चले गए। उनके परिवार और शोक व्यक्त करने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदना। तुम्हारी आत्मा को शांति मिले मेरे दोस्त। तुम मेरी सोच एवं प्रार्थना में हो।”



प्रीति जिंटा ने लिखा, “मैं उन्हें दूसरी मां का भाई कहती थी। अविश्वसनीय रूप से प्रतिभाशाली होने के अलावा वह बहुत सभ्य और मधुर थे। मैं इतनी दुखी हूं कि मैं प्रिय वाजिद को गुडबाय भी नहीं बोल सकी। मैं हमारे साथ के सेशन को हमेशा याद रखूंगी।”


गायिका हर्षदीप कौर भी उनके निधन पर काफी दुखी हैं।उन्होंने लिखा, “वाजिद खान के परिवार वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। अभी भी विश्वास नहीं कर पा रही कि वे इस दुनिया में नहीं रहे। हमेशा उन्हें मुस्कुराते और आनंदित होते हुए देखा। संगीत जगत को बड़ा नुकसान।”

गायक सोनू निगम ने साजिद-वाजिद के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर करते हुए इंस्टाग्राम पर लिखा है, “मेरे भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए।”

अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा ने ट्वीट किया, “वाजिद भाई आप सबसे अच्छे इंसान थे। हमेशा मुस्कुराते रहते थे। हमेशा गाते रहते थे। उनके साथ हर संगीत सत्र यादगार रहा। आप सच में बहुत याद किए जाएंगे वाजिद भाई।”

अभिनेता वरुण धवन ने ट्वीट करते हुए लिखा, “वाजिद खान भाई मेरे और मेरे परिवार के बेहद करीब थे। वह आसपास रहने वाले सबसे सकारात्मक लोगों में से एक थे। हम आपको याद करेंगे वाजिद भाई। संगीत के लिए धन्यवाद।”



गायक मीका सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट लिखा, “हम सभी के लिए बहुत दुखद समाचार। सबसे प्रतिभाशाली गायक और संगीतकार जिन्होंने इतने हिट दिए हैं मेरे बड़े भाई वाजिद खान हमें छोड़कर चले गए। अल्लाह उनकी आत्मा को शांति दे।”

अनुपम खेर, मनोज बाजपेयी, अदनान सामी, लूलिआ वंतूर ने भी वाजिद खान के निधन पर शोक जताया।

संगीतकार ने सलमान खान की 1998 में आई फिल्म ‘प्यार किया तो डरना क्या’ से अपने बॉलीवुड करियर का आगाज किया था। इसके बाद उन्होंने अभिनेता की ‘गर्व’, ‘तेरे नाम’, ‘तुमको ना भूल पाएंगे’, ‘पार्टनर’ और ‘दबंग’ आदि कई हिट फिल्मों में संगीत दिया।

इसके अलावा उन्होंने कई हिट गानों जैसे ‘मेरा ही जलवा‘, ‘फेविकॉल से’, ‘चिंता ता चिता चिता’ का भी संगीत दिया। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये जारी लॉकडाउन के दौरान सलमान द्वारा यूट्यूब पर रिलीज ‘प्यार करोना’ और ‘भाई-भाई’ गीत का संगीत भी इस मशहूर जोड़ी ने ही दिया था। इसके अलावा उन्होंने ‘सा रे गा मा पा’ में जज की भी भूमिका निभाई।

आईपीएल4 के गीत ‘धूम धूम धूम धड़ाका’ का संगीत भी इस जोड़ी ने दिया था और इसे गाया वाजिद ने था।

वार्ता/भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment