ऐश्वर्या का ‘मीम’ साझा कर चौतरफा घिरे विवेक ओबरॉय, मांगी माफी
एग्जिट पोल से जुड़ा ऐश्वर्या राय बच्चन का एक ‘मीम’ ट्विटर पर साझा करना अभिनेता विवेक ओबरॉय को महंगा पड़ा। चौतरफा आलोचना होने पर अभिनेता ने मीम डिलीट कर माफी मांग ली।
![]() अभिनेता विवेक ओबरॉय |
मंगलवार सुबह विवेक ने ट्वीट कर कहा कि कभी-कभी किसी को पहली बार में जो मजेदार और नुकसान न पहुंचाने वाला लगता है, वैसा शायद दूसरों को नहीं लगता। मैंने पिछले 10 साल 2000 से ज्यादा असहाय लड़कियों के सशक्तिकरण में बिताए हैं। मैं कभी किसी महिला के अपमान के बारे में सोच भी नहीं सकता।
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने माफी मांगते हुए कहा, "अगर मीम पर मेरे रिप्लाई से एक भी महिला आहत हुई है तो इसमें सुधार की जरूरत है। माफी मांगता हूं। ट्वीट डिलीट कर दिया है।"
Even if one woman is offended by my reply to the meme, it calls for remedial action. Apologies tweet deleted.
— Vivek Anand Oberoi (@vivekoberoi) May 21, 2019
इससे पहले इस मामले में जहां एनसीडब्ल्यू ने विवेक ओबरॉय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है, वहीं अदाकारा सोनम कपूर, डीसीडब्ल्यू प्रमुख स्वाति मालिवाल सहित कई लोगों ने उनकी आलोचना की।
ओबरॉय ने जिस ‘मीम’ को साझा किया वह तीन हिस्सों ओपिनियन पोल, एग्जिट पोल और रिजल्ट (नतीजे) में बंटा है।
ओपिनियन पोल में ऐश्वर्या सलमान के साथ नजर आ रही हैं, एग्जिट पोल में विवेक ओबरॉय के साथ और नतीजों में वह अभिषेक बच्चन और अराध्या के साथ नजर आ रही हैं।
ओबरॉय ने इसे साझा करते हुए लिखा था, ‘‘ हा हा, रचनात्मक। कोई राजनीति नहीं.. बस जिंदगी।’’
अभिनेता के ‘मीम’ साझा करते ही चारों ओर से उनकी अलोचना शुरू हो गई।
अदाकरा सोनम कपूर ने लिखा, घृणित और निम्नस्तरीय..।
अदाकारा और कांग्रेस की उम्मीदवार उर्मिला मातोंडकर ने कहा, ‘‘विवेक ओबरॉय इतना खराब पोस्ट करना बेहद अपमानजनक और खराब। अगर उस महिला और उसकी बच्ची से माफी नहीं मांग रहे हो तो कम से कम पोस्ट हटाने की शालीनता तो दिखाएं।’’
राष्ट्रीय महिला आयोग ने मशहूर अभिनेत्री ऐश्वर्या राय से जुड़ा एक मीम ट्विटर पर पोस्ट करने के लिए अभिनेता विवेक ओबरॉय को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
ओबरॉय को जारी नोटिए में आयोग ने कहा कि वह ‘अपमानजनक’ और ‘महिला विरोधी’ पोस्ट को लेकर संतोषजनक स्पष्टीकरण दें।
उसने कहा, ‘‘विभिन्न मीडिया माध्यमों से यह जानकारी मिली है कि आपने ट्विट पर एक महिला (ऐश्वर्या) और एक बच्ची (अराध्या) के बारे में अपमानजनक और महिला विरोधी पोस्ट किया। खबर में कहा गया है कि आपने चुनाव नतीजों और एक महिला के निजी जीवन को लेकर तुच्छ किस्म की तुलना की।’’
आयोग ने कहा, ‘‘आपकी ओर से किया गया पोस्ट बहुत ही अनैतिक है और महिला की गरिमा का अपमान करने वाला है।’’
वहीं दिल्ली महिला आयोग की स्वाति मालीवाल ने लिखा, ‘‘इसमें हंसने जैसा कुछ नहीं है। विवेक ओबरॉय यह उसके रचनाकार की मूर्खता, अभद्रता और बीमार मानसिकता दिखाता है।’’
महाराष्ट्र महिला आयोग की प्रमुख विजया रहतकर ने कहा कि वह अभिनेता को महिला का निरादर करने वाले ट्वीट पर नोटिस भेजेंगी।
राकांपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता नवाब मलिक ने भी ओबरॉय से उनके ट्वीट पर माफी मांगने या फिर उसके परिणाम भुगतने की बात कही।
फिल्मकार अशोक पंडित सहित ट्विटर पर कई अन्य लोगों ने भी उनकी आलोचना की।
ज्वाला गट्टा और मधुर भंडारकर ने भी ट्वीट कर विवेक के अविवेकपूर्ण कृत्य की आलोचना की।
42 वर्षीय अभिनेता ने प्रियंका अल्वा से शादी की है और उनके दो बच्चे हैं।
विवेक ओबरॉय इन दिनों फिल्म ‘पीएम नरेन्द्र मोदी’ के प्रचार में मसरूफ हैं। इसमें वह नरेन्द्र मोदी की भूमिका में नजर आएंगे।
| Tweet![]() |