विपक्ष का मणिपुर दौरा : चिंता से ज्यादा राजनीति

Last Updated 01 Aug 2023 01:26:00 PM IST

मणिपुर (Manipur) के दो दिवसीय दौरे पर गया 21 सदस्यीय विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) सांसदों के प्रतिनिधिमंडल के वक्तव्यों व विवरणों में ऐसा कुछ नहीं है जो पहले समाचार माध्यमों से हमारे आपके पास नहीं पहुंचे हों।


विपक्ष का मणिपुर दौरा : चिंता से ज्यादा राजनीति

कहने का तात्पर्य यह नहीं कि विपक्षी सांसदों का दौरा महत्त्वपूर्ण नहीं था। बिल्कुल महत्त्वपूर्ण था। जनप्रतिनिधि होने के नाते वहां जाकर सच्चाई को अपनी आंखों से देखना, समझना तथा जो कुछ समाधान के रास्ते नजर आए उसे देश, सरकार के समक्ष रखना विपक्ष का भी दायित्व है। इस नाते देखें तो विपक्षी सांसदों का दौरा बिल्कुल उपयुक्त था। विपक्षी सांसदों ने राज्यपाल अनुसुइया उइके से मुलाकात कर ज्ञापन भी दिया। इन सबके साथ विपक्ष का मूल स्वर यही है कि प्रधानमंत्री इस विषय पर बोलें। तो फिर बात आकर वही अटक गई है। प्रश्न है कि अब आगे क्या?
एक ओर आप मणिपुर की स्थिति का आकलन करें और दूसरी ओर संसद? न चलने दें तो रास्ता निकलेगा कैसे? सांसदों के दल ने राज्यपाल को जो ज्ञापन दिया उसके अनुसार 140 से अधिक मौतें हुई, 500 से अधिक लोग घायल हुए, 5000 से अधिक घर जला दिए गए तथा मैती एवं कुकी दोनों समुदाय के 60,000 से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं। उन्होंने यह भी लिखा है कि राहत शिविरों में स्थिति दयनीय है। प्राथमिकता के आधार पर बच्चों का विशेष ख्याल रखने की जरूरत है।
विभिन्न स्ट्रीम के छात्र अनिश्चित भविष्य का सामना कर रहे हैं, जो राज्य और केंद्र सरकारों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इस तरह के सुझावों को स्वीकार करने में केंद्र और प्रदेश सरकार को समस्या नहीं हो सकती है। इस तरह के जातीय नस्ली संघर्ष में शांति, राहत तथा पुनर्वास अत्यंत कठिन होता है। हर संभव कोशिश करने के बावजूद राहत शिविरों में लोगों को सामान्य जीवन देना पूरी तरह संभव नहीं होता। तो इसके लिए जितनी कोशिश संभव है की जानी चाहिए, लेकिन अगर वाकई विपक्ष मणिपुर में शांति व्यवस्था स्थापित करने की आकांक्षा रखता है तथा यह चाहता है कि इस तरह की पुनरावृति भविष्य में नहीं हो तो उसे अपने दायित्व पर भी विचार करना चाहिए। मणिपुर का संकट निस्संदेह, राष्ट्रीय सुरक्षा का संकट है। पर विपक्ष का यह कहना कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल जाए यह गले नहीं उतर सकता। इसमें मणिपुर की चिंता कम और आगामी लोक सभा चुनाव की राजनीति ज्यादा दिखती है। 18 जुलाई को बेंगलुरु  में ‘इंडिया’ के गठन के साथ ही स्पष्ट हो गया था कि संसद में विपक्ष आक्रामक भूमिका निभाएगा तथा यह संदेश देने की कोशिश करेगा कि वे एकजुट हैं और मोदी सरकार के विरु द्ध प्रखरता से हमला कर रहे हैं। संसद के अधिवेशन में यही दिख रहा है। प्रधानमंत्री बोलें इस एक जिद के कारण दोनों सदन की कार्यवाही लगातार बाधित है। सच यह है कि चाहे कश्मीर हो या पूर्वोत्तर हिंसा और अशांति के बीच सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडलों का कभी भी प्रधानमंत्री ने नेतृत्व किया हो इसका रिकॉर्ड नहीं है। अगर विपक्षी नेता इसकी मांग कर रहे हैं तो उन्हें बताना चाहिए कि इसके पूर्व कब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हिंसा में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल गया? मणिपुर में भाजपा की सरकार है और केंद्र में भी तो निश्चित रूप से प्रदेश की स्थिति को लेकर उससे प्रश्न किया जाएगा। विपक्ष कटघरे में खड़ा करेगा यह भी स्वाभाविक है।
सरकार उत्तर दे इसमें भी दो मत नहीं हो सकता किंतु प्रधानमंत्री ही उत्तर दें इसका अर्थ तो यही है कि आपको सरकार के वक्तव्य से ज्यादा अपनी राजनीति साधनी है। कुछ विषय ऐसे होते हैं जिन पर राजनीति से ऊपर उठकर सभी दलों को व्यवहार करना चाहिए। यह तो संभव नहीं कि प्रधानमंत्री मणिपुर पर कभी बोलेंगे ही नहीं। मणिपुर में स्थिति धीरे-धीरे शांत हो रही है। सरकार ने कुकी और मैती दोनों समुदायों के नेताओं के साथ बातचीत शुरू की है और इसके कई दौर संपन्न हो चुके हैं। सेना और केंद्रीय सशस्त्र बलों ने दोनों समुदायों के बीच कुछ बफर जोन भी स्थापित कर दिए हैं। मर्चुअरी में पड़े मृतकों के शवों के अंतिम संस्कार किए जा रहे हैं। थोड़े समय में जलाए गए, उजाड़े गए घरों के पुनर्निर्माण की भी शुरुआत होगी। तोड़े गए ध्वस्त किए गए सड़क और पुल भी बनने शुरू होंगे। कहने का तात्पर्य है कि मणिपुर को सामान्य स्थिति में लाने की सरकारी स्तर पर कोशिशें जारी हैं। हमने देखा कि मिजोरम जैसे राज्य में महिलाओं के विरुद्ध माहौल बना। कुकी समुदाय के समर्थन में आयोजित बंद और प्रदर्शन में स्वयं वहां के मुख्यमंत्री तक शामिल हुए।
एक पहलू बताने के लिए पर्याप्त है कि अगर मणिपुर पर संयम और संतुलन के साथ व्यवहार नहीं किया जाए तो क्या हो सकता है। विपक्ष ने कई पहलुओं पर चर्चा नहीं की। 5000 से ज्यादा मुकदमे दर्ज हो चुके हैं तथा करीब 7000 लोग गिरफ्तार हैं। इसलिए यह सच नहीं कि केंद्र ने मणिपुर को उसके हालात पर छोड़ दिया। सच तो यह है कि म्यांमार और बांग्लादेश के ईसाई कुकि ने हथियार उठाकर देश तोड़ने का अभियान चलाया और कुछ अभी तक संलिप्त हैं। स्वयं यूपीए सरकार ने इनके साथ युद्ध विराम समझौता किया बावजूद सभी ने हथियार नहीं डाले। इसी तरह कुकी महिलाओं के साथ घृणित व्यवहार के वीडियो जारी करने के पीछे भी षड्यंत्र की परतें खुल रही हैं। इन सबको अस्वीकार कर देंगे तो मणिपुर क्या पूर्वोत्तर की समस्या का समाधान नहीं होगा। फरवरी 2021 के बाद केवल मिजोरम में 30,000 से ज्यादा म्यांमार के लोग आ चुके हैं। केंद्र की पहल पर अब उनकी बायोमीट्रिक पहचान की प्रक्रिया शुरू हुई है। मैतेयी समुदाय ने भारत से अलग होने का आंदोलन कभी नहीं किया।
किसी समस्या का समाधान तभी होगा जब उसकी वास्तविकता स्वीकार किया जाए। मणिपुर में अफस्पा हटाने का आंदोलन कांग्रेस के शासनकाल में ही आरंभ हुआ। सच है कि भाजपा सरकार ने पूरे पूर्वोत्तर से धीरे-धीरे अफस्पा को हटाया। मणिपुर में इस कारण भी समस्याएं आई क्योंकि अफस्पा हटाने के बाद सेना के अनेक पोस्ट खत्म हो गए थे। इस संघर्ष में उन्हें फिर से खड़ा करना भी एक चुनौती थी। कुल मिलाकर विपक्ष 2024 की दृष्टि से अपनी राजनीति करे पर मणिपुर की सच्चाई को स्वीकार कर उसके हल करने की दिशा में भूमिका निभाए। संसद को ठप करना यह भूमिका नहीं हो सकता। अविश्वास प्रस्ताव का नोटिस दिए जाने के बाद लोक सभा अध्यक्ष के फैसले की प्रतीक्षा करनी चाहिए।

अवधेश कुमार


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment