राग-रंग : समाज का चित्रण और लोकशिक्षण
वर्तमान की खबरों की दुनिया में रहने के बावजूद श्रेष्ठ पत्रकारिता न सिर्फ इतिहास के संदर्भ की स्मृति कराती है बल्कि भविष्य को लेकर सतर्क भी करती है।
![]() राग-रंग : समाज का चित्रण और लोकशिक्षण (Symbolic picture) |
एक श्रेष्ठ संपादक समकालीन की प्रवृत्तियों की पड़ताल करते हुए इतिहास को याद भी करता है और भविष्य के खतरों के प्रति आगाह भी करता है और चुनौतियों के लिए तैयार भी करता है।
बाबूराव विष्णु पराड़कर एक दूरदर्शी पत्रकार और संपादक थे। वे न सिर्फ अपने समय की नब्ज पर हाथ रखे हुए थे बल्कि भविष्य को लेकर उनका अनुमान भी सटीक था, जिसका पता उनके अगल्रेखों, संपादकीय टिप्पणियों और भाषणों से चलता है। समाचार पत्र का आदर्श बताते हुए उन्होंने खुद कहा था , ‘समाचार-पत्र के दो मुख्य धर्म हैं, एक तो समाज का चित्र खींचना और दूसरे उसे सदुपदेश देना। हमारा दूसरा कार्य लोक-शिक्षण हमारा सच्चा धर्म है। इसी के द्वारा हम देश की और जनता की सच्ची सेवा कर सकते हैं।’ 16 नवम्बर को उनका जन्मदिवस है।
पराड़कर जी के कई लेखों की चर्चा आज भी अक्सर होती है जो आज भी न सिर्फ प्रासंगिक हैं बल्कि उनसे ये पता चलता है कि दशकों पहले बल्कि कई बार तो एक शताब्दी पहले उनमें आने वाले समय को पहचानने की उनमें कितनी विशिष्ट क्षमता थी। ऐसी विशिष्टताएं ही किसी संपादक को महान बनाती हैं। वृंदावन साहित्य सम्मेलन के अंतर्गत प्रथम संपादक सम्मेलन का 1925 का उनका अध्यक्षीय भाषण तो खूब पढ़ा और सुनाया जाता है, जिसमें उन्होंने भविष्य की पत्रकारिता के बारे में विचार रखे थे, लेकिन कई दूसरे अगल्रेख और टिप्पणियां भी हैं, जिनमें भविष्य को लेकर उनका आकलन खरा उतरता है और जो उनकी पत्रकारिता को कालजयी बनाता है। 15 अगस्त 1947 के अपने लेख ‘नवयुग में प्रवेश’ में वह लिखते हैं, ‘भारत आज स्वतंत्र हो रहा है, यह आनंद और प्रसन्नता का विषय है। इसीलिए आज हम फूले नहीं समाते। हमारी प्रसन्नता, हमारा उल्लास हमारे प्रत्येक कार्य में आज स्पष्ट लक्षित हो रहा है। यह स्वाभाविक भी है, परन्तु इसके साथ ही हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि आनंद में विभोर होकर कहीं हम अपना कर्त्तव्य न भूल बैठें। स्वतंत्र होने के साथ-साथ हमारे कंधों पर जितना भारी उत्तरदायित्व आ गया है, उसे हमें न भूलना चाहिए। हमारी लेशमात्र की असावधानी का परिणाम अत्यन्त घातक हो सकता है। हम जरा-सा चूके नहीं कि सर्वनाश हमारे सम्मुख उपस्थित है। अंग्रेज भारत त्यागकर अवश्य जा रहे हैं किन्तु वे हमें दुर्बल और अशक्त बनाकर जा रहे हैं। हमें सभी प्रकार से अपने को शक्तिशाली बनाना होगा। अन्न, वस्त्र और सुरक्षा की समस्या, मूल्यवृद्धि तथा भ्रष्टाचार का अंत करने की समस्या, सांप्रदायिक सद्भाव बढ़ाने की समस्या, देश हित विरोधी शक्तियों के नियंत्रण की समस्या आदि न जाने कितनी समस्याएं आज विकट रूप में हमारे सम्मुख उपस्थित हैं, उनका हल करना तत्काल आवश्यक है।’ कहना गलत न होगा कि देश आजादी का अमृत महोत्सव मनाते हुए मुख्यत: इन्हीं समस्याओं से जूझ रहा है। यहां ‘गोडसे’ शीषर्क के एक अगल्रेख का जिक्र करना चाहूंगा, जिसकी आज अब कम ही चर्चा होती है। नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की हत्या की थी। उसे 15 नवम्बर 1949 को फांसी दी गई। पराड़कर जी का अगल्रेख उसे फांसी दिए जाने के बाद 18 नवम्बर 1949 का है। ‘गोडसे’ शीषर्क अगल्रेख में पराड़कर जी जो लिखते हैं उसे आज के समय में भी देखे जाने की जरूरत है।
वह लिखते हैं, ‘गोडसे को फांसी के साथ इतिहास की एक दुखद कथा का अंत होता है। गांधी की हत्या कर गोडसे ‘महान’ बन गया। गोडसे आज विश्व का महान हत्यारा है। यह ‘महानता’, यह ‘ख्याति’ महात्मा की देन है। आने वाली संतति जब महात्मा का नाम स्मरण करेगी तो गोडसे के नाम से भी अपनी वाणी कलंकित करेगी। भारतीय इतिहास में गांधी के साथ गोडसे का नाम लगा हुआ आएगा। इतिहास में हम गोडसे का नाम मिटा देना चाहते हैं पर खून का घूंट पीकर रह जाते हैं। विवशता है, लाचारी है। इसके विपरीत उसने सहज ही ‘ख्याति’ या ‘कुख्याति’ प्राप्त कर ली। गोडसे का एक अपराध तो प्रमाणित और सर्वविदित है पर दूसरा, जो पहले से कम गुरु तर नहीं, यह है कि वह विश्व के सबसे निन्द्य और अमानुषिक कार्य को सिद्धांतवाद का जामा पहनाना चाहता था। एक हत्यारा आदर्श का ढोंग रचना चाहता था। इतिहास उसे कभी क्षमा नहीं कर सकता। भारत कभी नहीं भूल सकता कि उसने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पिस्तौल से हत्या की है।’ इसी लेख में आखिर में वे लिखते हैं, ‘मृत्यु के समय गोडसे के हाथ में गीता थी। महात्मा गांधी भी गीता के अनन्य भक्त थे। गांधी और गोडसे की गीता में पाठान्तर था। क्या भारतीय इस पाठान्तर को समझेंगे? गोडसे नहीं, गांधी की गीता भारतीय राजनीति का मार्गदर्शन करेगी। यह ध्रुवसत्य है।’
| Tweet![]() |