चीन की कुंठा

Last Updated 31 Aug 2023 01:51:08 PM IST

भारत ने अरुणाचल प्रदेश और अक्साई चिन को चीन के नक्शे में दिखाए जाने के संबंध में पड़ोसी देश के दावों को ‘आधारहीन’ बताते हुए सिरे से इन्हें खारिज कर दिया।


चीन की कुंठा

कहा है कि चीनी पक्ष के ऐसे कदम सीमा से जुड़े विषय को जटिल बनाएंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा है कि चीन फ्रस्टेट होकर ऐसा प्रोपेगेंडा फैला रहा है। चीन ने दो दिन पहले अपने ‘मानक मानचित्र’ का 2023 का जो संस्करण आधिकारिक रूप से जारी किया है, जिसमें अरुणाचल प्रदेश, अक्साई चिन, ताईवान और विवादित दक्षिण चीन सागर को भी दर्शाया है।

दरअसल, चीन के लिए इस तरह का शरारतपूर्ण आचरण नया नहीं है, वह आदतन अन्य देशों से संबंधित क्षेत्रों का नाम बदलने और उनके मानचित्रों को फिर से बनाने जैसी खुराफात करता रहता है। यही कारण है कि उसके तमाम पड़ोसी देशों के साथ उसका सीमा पर तनाव और टकराव बना रहता है। उसकी प्रवृत्ति तमाम देशों पर दबदबा बनाने की रही है, और वह ऐसा कोई भी मौका नहीं चूकता जो किसी पक्ष खासकर उसके दबाव में न आने वाले पक्ष को परेशान करने वाला हो। जिस प्रकार उसने अपना मानचित्र जारी किया है, उससे लगता है कि उसकी भारत के साथ संबंधों को सहज बनाने में रुचि नहीं है, और लद्दाख क्षेत्र में सीमा पर भारत के साथ सहज स्थिति बनाए रखने के लिए उसके वार्ता प्रयास बेमानी हैं।

भारत के लिए जरूरी हो गया है कि चीन के साथ अपने संबंधों को सहज बनाने के लिए आग्रही न बना रहे। जरूरी हो गया है कि भारत तिब्बत के मसले पर ज्यादा से ज्यादा मुखर हो। ताइवान के मसले पर भी खुलकर सामने आए। तिब्बत और ताइवान के मसले पर चीन अन्य देशों खासकर भारत जैसे पड़ोसी देश के रुख को भांप कर ऐंठ दिखाता है।

भारत को अपने कूटनय में आक्रामकता लानी होगी। चीन अपने नक्शे में भारत के क्षेत्रों को दिखा कर तनाव पैदा करने की कोशिश करे और भारत  उसके रवैये का तीखा विरोध भर दर्ज करा दे, इससे काम नहीं चलेगा। ऐसी मीडिया रिपोर्टे मिलने लगी हैं, जिनमें चीन की अर्थव्यवस्था के शिथिल पड़ने के संकेत मिलते हैं, और कोरोना महामारी से भी वह कायदे से अभी तक उबर नहीं पाया है। लेकिन गुर्रा कर यह माहौल बनाने में सफल हुए जा रहा है कि वह बड़ी महाशक्ति है, और कोई भी देश अपनी विदेश नीति में उसे असहज करने की जुर्रत न करे। लेकिन खोखला होती अपनी अर्थव्यवस्था की वास्तविक स्थिति ज्यादा छिपाए नहीं रख पाएगा।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment