एनीमिया को लेकर चेती सरकार

Last Updated 03 Jul 2023 01:26:15 PM IST

सिकल सेल एनीमिया गंभीर आनुवांशिक रोग है, जिसके दुनिया भर के आधे मरीज भारत में हैं। राष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया उन्मूलन मिशन, 2047 (National Sickle Cell Anaemia Elimination Mission) की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने की।


एनीमिया को लेकर चेती सरकार

इस पोर्टल की शुरुआत करते हुए उन्होंने कहा-यह अभियान अमृतकाल का प्रमुख मिशन बनेगा। जब देश आजादी के सौ साल मनाएगा, तब तक हम मिलकर मिशन मोड में अभियान चलाकर इससे आदिवासियों और देश को मुक्ति दिलाएंगे। मोदी ने कहा, आदिवासी समाज की इस सबसे बड़ी चुनौती को हल करने का बीड़ा हमारी सरकार ने अब उठाया है। आदिवासी हमारे लिए सरकारी आंकड़ा भर नहीं हैं। उन्होंने कहा, यह हमारे लिए संवेदनशीलता और भावना का विषय है।

सिकल सेल एनीमिया रक्तसंबंधी आनुवांशिक बीमारी है जो माता-पिता से बच्चों में आती है। यह दोषपूर्ण हीमोग्लोबिन से संबंधित होती है। इसमें ऊतकों तक ऑक्सीजनयुक्त रक्त प्रवाह बाधित हो जाता है जिससे कोशिकाएं आपस में चिपक जाती हैं। रक्तवाहिकाओं की समस्या के साथ एनीमिया, पीलिया, स्ट्रोक जैसी बीमारियों के जोखिम भी बढ़ जाते हैं।

इस कारण अमूमन मरीज चालीस वर्ष तक ही जीवित रह पाता है। वैज्ञानिक लगातार सिकल सेल के जीन पर शोध कर रहे हैं जिससे कि असामान्य जीन को बदल कर इसका बेहतर इलाज किया जा सके। अपने यहां सत्रह राज्यों के सात करोड़ से ज्यादा आदिवासी सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित हैं। इस गंभीर बीमारी के जोखिमों को ध्यान रखते हुए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2023 के बजट भाषण के दौरान इस बीमारी को भारत से जड़ से खत्म करने का लक्ष्य निर्धारित किया था।

देश के विभिन्न इलाकों में बेहतर चिकित्सा और अनुभवी चिकित्सकों के अभाव में मरीजों को समय रहते उचित इलाज नहीं मिल पाता। ना ही इस तरह की आनुवांशिक बीमारियों से बचाव के विषय में सार्वजनिक तौर पर कभी कोई चर्चा ही की जाती थी। अशिक्षा, अज्ञान और आर्थिक कारणों से साधारण जनता को इन वंशानुगत रोगों के प्रति अनभिज्ञता बनी रहती है जिसका लाभ उठाने वाले ओझा-तांत्रिक, ढोंगी, झाड़-फूंक करने वाले इन्हें बेवजह भयभीत करते रहे हैं।

किसी भी विकासशील और सेहतमंद समाज के लिए जरूरी है कि उसे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराई जाएं और यह जिम्मेदारी सीधे तौर पर सरकार की है। देर से ही सही, सरकार ने सुध तो ली।



Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment