IPL : राजस्थान रॉयल्स को पंजाब किंग्स ने 5 रन से हराया, धवन की धमाकेदार पारी

Last Updated 06 Apr 2023 06:37:21 AM IST

सलामी बल्लेबाजों कप्तान शिखर धवन (Shikhar Dhawan) और प्रभसिमरन सिंह (Prabhsimran) के अर्धशतकों के बाद नाथन एलिस की धारदार गेंदबाजी से पंजाब किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग (Indian premier League) में बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को पांच रन से हराकर जीत दर्ज की।


राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ तूफानी पारी के दौरान शॉट खेलते शिखर धवन।

 पंजाब ने धवन (56 गेंद में 86 रन, नौ चौके, तीन छक्के) और प्रभसिमरन (34 गेंद में 60 रन, सात चौके, तीन छक्के) के बीच पहले विकेट की 90 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 197 रन बनाए। धवन ने जितेश शर्मा (27) के साथ भी दूसरे विकेट के लिए 66 रन जोड़े।

जवाब में एलिस (30 रन पर चार विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने राजस्थान रॉयल्स की टीम शिमरोन हेटमायर (17 गेंद में 36 रन, तीन छक्के, एक चौका) और ध्रुव जुरेल (15 गेंद में नाबाद 32, दो छक्के, तीन चौके) के बीच सातवें विकेट के लिए 26 गेंद में 61 रन की साझेदारी के बावजूद सात विकेट पर 192 रन ही बना सकी। कप्तान संजू सैमसन (42) रॉयल्स की ओर से शीर्ष स्कोरर रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल्स ने यशस्वी जायसवाल (11) के साथ रविचंद्रन अश्विन (00) को पारी का आगाज करने भेजा लेकिन चौथे ओवर तक ही दोनों के विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह (47 रन पर दो विकेट) ने यशस्वी जायसवाल को स्थानापन्न खिलाड़ी मैथ्यू शॉर्ट जबकि अश्विन को धवन के हाथों कैच कराया। जोस बटलर भी इस बीच भाग्यशाली रहे जब सैम कुरेन की गेंद पर हरप्रीत बरार ने उनका कैच टपका दिया।

बटलर और कप्तान संजू सैमसन ने अर्शदीप पर छक्के जड़े। सैमसन ने हरप्रीत और एलिस का स्वागत दो-दो चौकों के साथ किया लेकिन एलिस ने बटलर (19) को अपनी ही गेंद पर लपका। रॉयल्स ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 57 रन बनाए। सैमसन ने बीच के ओवरों में रन गति बनाए रखी लेकिन एलिस की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में कैच दे बैठे। उन्होंने 25 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा।

रियान पराग (20) ने आते ही राहुल चाहर और सकिंदर रजा पर छक्के मारे और इस बीच 12वें ओवर में टीम के रनों का शतक पूरा किया। वह हालांकि एलिस की गेंद पर शाहरूख खान के हाथों लपके गए। एलिस ने रन बनाने के लिए जूझ रहे देवदत्त पडिक्कल को बोल्ड करके रॉयल्स को छठा झटका दिया। पडिक्कल ने 26 गेंद में एक चौके से 21 रन बनाए। रॉयल्स को जीत के लिए अंतिम पांच ओवर में 74 रन की दरकार थी। चाहर के ओवर में सिर्फ पांच रन बने लेकिन हेटमायर और जुरेल ने अगले ओवर में एलिस पर छक्के जड़कर 16 रन जुटाए। हेटमायर ने कुरेन के अगले ओवर में दो छक्कों और एक चौके से 19 रन बटोरे। रॉयल्स को अंतिम दो ओवर में 34 रन की जरूरत थी। जुरेल ने 19वें ओवर में अर्शदीप की लगातार गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के से 18 रन बनाए।

स्कोर बोर्ड

पंजाब किंग्स (Punjab Kings)-
प्रभसिमरन सिंह का. बटलर बो. होल्डर     60
शिखर धवन (नाबाद)    86
भानुका राजपक्षे रिटार्यड हर्ट     01
जितेश शर्मा का. पराग बो. चहल     27
सकिंदर रजा बो. अश्विन     01
शाहरूख खान का. बटलर बो. होल्डर     11
सैम कुरेन (नाबाद)    01
अतिरिक्त -     10
कुल - (20 ओवर में चार विकेट पर)     197
विकेटपतन - 1/90, 2/158, 3/159, 4/196
गेंदबाजी - ट्रेंट बोल्ट 4-0-38-0, आसिफ 4-0-54-0, रविचंद्रन अश्विन 4-0-25-1, जेसन होल्डर 4-0-29-2, युजवेंद्र चहल 4-0-50-1

राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) -
जायसवाल का. स्थापनापन्न बो. अर्शदीप     11
रविचंद्रन अश्विन का. धवन बो. अर्शदीप     00
जोस बटलर का. एंड बो. एलिस     19
संजू सैमसन का. स्थापनापन्न बो. एलिस     42
देवदत्त पडिक्कल बो. एलिस     21
रियान पराग का. शाहरूख बो. एलिस     20
शिमरोन हेटमायर रन आउट     36
ध्रुव जुरेल (नाबाद)    32
जेसन होल्डर (नाबाद)    01
अतिरिक्त -     10
कुल - (20 ओवर में सात विकेट पर)     192
विकेटपतन - 1/13, 2/26, 3/57, 4/91, 5/121, 6/124, 7/186
गेंदबाजी - सैम कुरेन 4-0-44-0, अर्शदीप सिंह 4-0-47-2, हरप्रीत बरार 2-0-15-0, नाथन एलिस 4-0-30-4, राहुल चाहर 4-0-31-0, सकिंदर रजा 2-0-24-0

भाषा
गुवाहाटी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment