IPL-13: केकेआर पर शानदार जीत से दिल्ली शीर्ष पर

Last Updated 04 Oct 2020 12:58:34 AM IST

श्रेयस अय्यर के 38 गेंद में नाबाद 88 रन और पृथ्वी शॉ के आक्रामक अर्धशतक के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने रनों के पहाड़ के बीच खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में शनिवार को कोलकाता नाइटराइडर्स को 18 रन से हरा दिया।


शारजाह : शानदार अर्धशतकीय पारी के दौरान रन लेते श्रेयस अय्यर और पृथ्वी शॉ।

दिल्ली ने बल्लेबाजों की ऐशगाह शारजाह में चार विकेट पर 228 रन बनाये जिसके जवाब में केकेआर आठ विकेट पर 210 रन ही बना सकी। दिल्ली का आईपीएल इतिहास में यह दूसरा सर्वाधिक स्कोर है। दिल्ली ने 2011 के आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 231 रन बनाए थे।
केकेआर के लिए इंग्लैंड के विश्व कप विजेता कप्तान इयोन मोर्गन और राहुल त्रिपाठी ने सातवें विकेट के लिए 78 रन जोड़कर टीम को मैच में बनाए रखा लेकिन 19वें ओवर में मोर्गन और फिर अगले ओवर में त्रिपाठी के आउट होने के बाद परिणाम साफ हो गया था। मोर्गन ने 18 गेंद में पांच छक्कों और एक चौके की मदद से 44 रन बनाए। वहीं त्रिपाठी ने 16 गेंद में तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 36 रन जोड़े। इससे पहले हषर्ल पटेल ने 13वें ओवर में केकेआर को लगातार दो झटके देकर नीतिश राणा (35 गेंद में 58) और कप्तान दिनेश कार्तिक (आठ) को आउट किया। दिल्ली के लिए एनरिच नोर्जे ने तीन और पटेल ने दो विकेट लिए।
 दिल्ली की पारी में पावरप्ले का खेल शॉ के नाम रहा जिसने 41 गेंद में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 66 रन बनाए। इसके बाद अय्यर ने लाजवाब पारी खेली और पर रनों का पहाड़ लगा डाला। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और छह छक्के लगाए। उनके कुछ छक्के तो इतने ऊंचे थे कि गेंद स्टेडियम के पास कार पार्किंग में चली गई। ऋषभ पंत ने भी 17 गेंद में 38 रन बनाए। इस पिच से गेंदबाजों को कोई मदद नहीं मिली और पूरी पारी में 14 छक्के और 18 चौके लगे। दो अच्छे मैचों के बाद युवा कमलेश नागरकोटी ने तीन ओवर में 35 रन देकर एक विकेट लिया जबकि शिवम मावी ने तीन ओवर में 40 रन दिए। इसे देखकर कप्तान दिनेश कार्तिक ने उनसे चार ओवर का कोटा पूरा नहीं कराया।

पैट्रिक कमिंस ने चार ओवर में 49 रन दे डाले। शॉ ने पावरप्ले में उनकी गेंदों की जमकर पिटाई की। शॉ इतने आक्रामक फार्म थे कि शिखर धवन (16 गेंद में 26 रन) भी उनके सामने फीके पड़ गए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 56 रन जोड़े। इसके बाद अय्यर ने बेहद मनोरंजक पारी खेली। स्पिनर वरूण चक्रवर्ती ने चार ओवर में 49 रन देकर एक विकेट लिया जबकि सुनील नरेन ने दो ओवर में 26 रन दिए। कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। कोलकाता ने स्पिनर कुलदीप यादव की जगह राहुल त्रिपाठी को मौका दिया जबकि दिल्ली ने दो बदलाव करते हुए ईशांत शर्मा और अक्षर पटेल की जगह रविचंद्रन अश्विन और हषर्ल पटेल को अंतिम एकादश में उतारा।

स्कोर बोर्ड

दिल्ली कैपिटल्स -

पृथ्वी शॉ का. गिल बो. नागरकोटी      66
शिखर धवन का. मोर्गन बो. वरुण      26
श्रेयस अय्यर (नाबाद)    88
ऋषभ पंत का. मावी बो. रसेल      38
मार्कस स्टोइनिस का. वरुण बो. रसेल      01
शिमरोन हेटमायेर (नाबाद)    07
अतिरिक्त -    02
कुल - (20 ओवर में चार विकेट पर)    228
विकेटपतन - 1/56, 2/129, 3/201, 4/221
गेंदबाजी - कमिंस 4-0-49-0, मावी 3-0-40-0, वरुण 4-0-49-1, नरेन 2-0-26-0, रसेल 4-0-29-2, नागरकोटी 3-0-35-1

केकेआर -
शुभमन गिल का. पंत बो. मिश्रा      28
सुनील नरेन बो नोर्जे      03
नीतिश राणा का. पटेल बो. हषर्ल      58
आंद्रे रसेल का. नोर्जे बो. रबाडा      13
दिनेश कार्तिक का. धवन बो. पटेल      06
इयोन मोर्गन का. हेटमायेर बो. नोर्जे     44
पैट कमिंस का. हषर्ल बो. नोर्जे      05
राहुल त्रिपाठी बो. स्टोइनिस      36
कमलेश नागरकोटी (नाबाद )    03
शिवम मावी (नाबाद)    01
अतिरिक्त -     13
कुल - (20 ओवर में आठ विकेट पर)    210
विकेटपतन - 1/8, 2/72, 3/94, 4/117, 5/117, 6/122, 7/200, 8/207
गेंदबाजी - कैगिसो रबाडा 4-0-51-1, नोर्जे 4-0-33-3, रविचंद्रन अश्विन  2-0-26-0, स्टोइनिस 4-0-46-1, हषर्ल पटेल 4-0-34-2, अमित मिश्रा 2-0-14-1

 

भाषा
शारजाह


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment