रोहित शर्मा ने फिर जमाया शतक, भारत ने कसा शिंकजा

Last Updated 06 Oct 2019 01:51:46 AM IST

रोहित शर्मा के एक और शतक तथा कई शानदार रिकॉर्ड से भारत ने शनिवार को यहां पहले टेस्ट क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को जीत के लिए 395 रन का असंभव लक्ष्य दिया जिससे अंतिम दिन का खेल रोमाचंक होने की उम्मीद है।


विशाखापत्तनम : शतकीय पारी के दौरान रन लेते भारत के ओपनर रोहित शर्मा।

नई भूमिका में खेलते हुए रोहित ने पहली पारी में 176 रन के बाद दूसरी पारी में 149 गेंद में 127 रन (10 चौके और सात छक्के) की पारी खेली जिससे वह टेस्ट इतिहास में सलामी बल्लेबाज के रूप में पदार्पण करते हुए दोनों पारियों में शतक जड़ने की उपलब्धि हासिल करने वाले पहले क्रिकेटर बन गये।
भारत ने चौथे दिन अंत में देर तक बल्लेबाजी की और दूसरी पारी 67 ओवर में चार विकेट पर 323 रन पर घोषित की। इससे दक्षिण अफ्रीकी टीम को आउट करने के लिये उन्हें चौथे दिन केवल 45 मिनट मिले लेकिन उनके पास पूरा पांचवां दिन बाकी है। स्टंप तक दक्षिण अफ्रीका ने एक विकेट गंवाकर 11 रन बना लिये जिससे उसे जीत के लिये अब 384 रन की जरूरत है। रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में शतक जड़ने वाले डीन एल्गर को पगबाधा आउट किया।

पिच धीमी बनी हुई है लेकिन इस पर टर्न मिल रहा है और इस पर बने खुरदुरेपन से कुछ गेंदें उछाल भी ले रही हैं। पहली पारी में सात विकेट झटकने वाले रविचंद्रन अश्विन और जडेजा अंतिम दिन भारत के लिये अहम साबित होंगे।  एल्गर के आउट होने के बाद अब क्विंटन डिकॉक का विकेट महत्वपूर्ण होगा जो भारत को कई मौकों पर परेशान कर चुके हैं। पहली पारी में बल्ले से शानदार प्रदर्शन करने वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम अंतिम दिन पूरे 90 ओवर खेलना चाहेगी। शनिवार का दिन फिर रोहित के नाम रहा जिन्होंने दक्षिण अफ्रीका के सुबह के सत्र में 431 रन पर पहली पारी समाप्त करने के बाद फिर तेजी से खेलते हुए शानदार पारी खेली। रोहित ने 13 छक्के जड़कर पाकिस्तान के वसीम अकरम के रिकार्ड को भी पीछे छोड़ा जिन्होंने 1996 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक मैच में 12 छक्के लगाये थे।  रोहित और चेतेश्वर पुजारा (148 गेंद में 81 रन) के बीच दूसरे विकेट के लिये 169 रन की साझेदारी से भारत ने दूसरी पारी की नींव रखी। जिनके बाद जडेजा (32 गेंद में 40 रन), विराट कोहली (25 गेंद में नाबाद 31 रन) और अजिंक्य रहाणे (17 गेंद में नाबाद 27 रन) ने उपयोगी योगदान दिया। परिस्थितियों को देखते हुए जडेजा को कोहली से पहले बल्लेबाजी के लिये उतारा गया। चाय तक एक विकेट पर 175 रन से भारत ने 34 ओवरों के दूसरे सत्र में 140 रन बनाकर अपनी कुल बढत 246 रन कर ली थी। इस स्टाइलिश सलामी बल्लेबाज ने अपने चिर परिचित अंदाज में खेलते हुए स्कोरबोर्ड चलायमान रखा। पुजारा को अपनी पारी के शुरू में थोड़ी परेशानी हुई जिसमें उन्होंने 62 गेंद में केवल आठ रन बनाये। हालांकि सत्र के पहले डिं्रक्स ब्रेक के बाद उन्होंने स्पिनरों के खिलाफ खुलकर खेलना शुरू किया। ऑफ स्पिनर डेन पीट ने एक शार्ट गेंद फेंकी और पुजारा ने इसे डीप मिडविकेट पर छक्के के लिये पहुंचा दिया।
इससे पहले उन्होंने केशव महाराज की गेंद पर चार चौके लगाकर रन गति बढायी। भाग्य भी पुजारा के साथ था क्योंकि कागिसो रबाडा की गेंद का बाहरी हिस्सा उनके बल्ले से लगा लेकिन गेंद पहली स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षक और विकेटकीपर के बीच से होती हुई सीमारेखा की ओर निकल गयी। रोहित भी भाग्यशाली रहे जब सेनुरान मुथुस्वामी ने उन्हें लांग-आन पर कैच आउट किया होता लेकिन रिव्यू में पाया गया कि दूसरे प्रयास में कैच लेने की कोशिश में गेंद को छोड़ते समय वह बाउंड्री की रस्सी से छू गये थे। अपनी पारी में 13 चौके और दो छक्के जड़ने वाले पुजारा ब्रेक से पहले अंतिम गेंद पर डीआरएस की करीबी अपील पर बचे। लंच से पहले भारत ने एकमात्र विकेट पहली पारी में दोहरे शतक जमाने वाले मयंक अग्रवाल (07) के रूप में गंवाया। केशव महाराज की टर्न लेती बेहतरीन गेंद मयंक के बल्ले से छूते हुए पहली स्लिप में खड़े क्षेत्ररक्षक के हाथ में चली गयी।

स्कोर बोर्ड
भारत (पहली पारी) : 7/502 रन पर घोषित
दक्षिण अफ्रीका (पहली पारी) :
डीन एल्गर का पुजारा बो जडेजा     160
एडेन मार्कराम बो अश्विन     05
थेनिस डि ब्रून का साहा बो अश्विन     04
डेन पीट बो जडेजा     00
तेम्बा बावुमा पगबाधा बो ईशांत     18
फाफ डुप्लेसिस का पुजारा बो अश्विन     55
क्विंटन डिकॉक बो अश्विन     111
सेनुरान मुतुसैमी नाबाद     33
वनरेन फिलैंडर बो अश्विन     00
केशव महाराज का अग्रवाल बो अश्विन     09
कागिसो रबाडा पगबाधा बो अश्विन     15
अतिरिक्त :     21
कुल : (131.2 ओवर में सभी आउट)     431
विकेट पतन : 1/14, 2/31, 3/34, 4/63, 5/178, 6/342, 7/370, 8/376, 9/396, 10/431
गेंदबाजी : ईशांत 16-2-54-1, शमी 18-4-47-0,  अश्विन 46.2-11-145-7,  जडेजा 40-5-124-2,  विहारी 9-1-38-0, रोहित 2-1-7-0 

भारत (दूसरी पारी) :
मयंक अग्रवाल का डुप्लेसिस बो महाराज     07
रोहित शर्मा का डि काक बो महाराज     127
चेतेश्वर पुजारा पगबाधा     81
रविन्द्र जडेजा बो रबाडा     40
विराट कोहली नाबाद     31
अजिंक्य रहाणे नाबाद     27
अतिरिक्त :     10
कुल : (67 ओवर में घोषित, 4/ विकेट)     323
विकेट पतन : 1/21, 2/190, 3/239, 4/286
गेंदबाजी : फिलैंडर 12-5-21-1, महाराज 22-0-129-2, रबाडा 13-3-41-1, पीट 17-3-102-0,
मुथुस्वामी  3-0-20-0

दक्षिण अफ्रीका (दूसरी पारी) :
एडेन मार्कराम खेल रहे हैं     03
डीन एल्गर पगबाधा बो जडेजा     02
थेनिस डि ब्रून खेल रहे हैं     05     अतिरिक्त :     01
कुल : (नौ ओवर में एक विकेट पर)     11
विकेट पतन : 1/4
गेंदबाजी : अश्विन 5-2-7-0, जडेजा 4-2-3-1

भाषा
विशाखापत्तनम


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment