पाकिस्तान के महान गेंदबाज अब्दुल कादिर के निधन पर तेंदुलकर सहित भारतीय क्रिकेटरों ने जताया शोक

Last Updated 07 Sep 2019 11:33:43 AM IST

क्रिकेट जगत ने पाकिस्तान के महान लेग स्पिनर अब्दुल कादिर के निधन पर गहरा शोक जताया है।कादिर का शुक्रवार को लाहौर में निधन हो गया। वह 63 वर्ष के थे।


कादिर के निधन पर क्रिकेट जगत ने जताया शोक (फाइल फोटो)

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सहित भारतीय क्रिकेट जगत ने पाकिस्तान के महान स्पिनर अब्दुल कादिर के निधन पर शोक व्यक्त किया। कादिर का लाहौर में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया।          

तेंदुलकर जब 16 साल के थे तो उन्होंने प्रदर्शनी मैच में कई बार कादिर की गेंदों पर आकर्षक शाट लगाये। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘अब्दुल कादिर के खिलाफ खेलना याद है, वह अपने समय के सर्वश्रेष्ठ स्पिनरों में से एक थे। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनायें। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’’

 

लेग स्पिन गेंदबाजी को एक नए अंदाज में दुनिया के सामने पेश करने वाले कादिर के निधन पर पूर्व पाकिस्तानी कप्तान वसीम अकरम, मौजूदा कप्तान सरफराज अहमद, पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर, भारतीय ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण और आकाश चोपड़ा ने गहरा शोक जताया है।

रविचंद्रन अश्विन ने भी ट्विटर पर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा, ‘‘पाकिस्तान के स्पिन जादूगर अब्दुल कादिर के निधन से काफी दुखी हूं। मेरी संवेदनायें उनके परिवार और दोस्तों के साथ। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। ’


        
भारतीय स्पिनर हरभजन ने कहा कि वह एक चैंपियन गेंदबाज थे जबकि लक्ष्मण ने कहा कि वह अपनी गेंदबाजी से सम्मोहित कर दिया कर देते थे। अिन ने कहा कि वह स्पिन गेंदबाजी के दिग्गज थे।


पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने शोक संदेश में कहा, ‘‘अब्दुल कादिर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। हमेशा उनकी गेंदबाजी की अजीब शैली से सन्न रह जाता था। वह क्रिकेट के सर्वश्रेष्ठ लेग स्पिनरों में एक थे। उनके परिवार और प्रियजनों को संवेदनायें। ’’         


आस्ट्रेलिया के महान स्पिनर शेन वार्न ने एशेज टेस्ट के दौरान कहा, ‘‘अब्दुल कादिर के निधन की खबर से दुखी हूं। मुझे 1994 के दौरान पाकिस्तान के पहले दौरे पर उनसे मिलने का मौका मिला और उनकी तरह लेग स्पिन करने वाले गेंदबाज, उनसे प्रेरणा लेते थे। ’’ उन्होंने कहा, ‘‘वह शानदार गेंदबाज थे जिन्होंने कई बल्लेबाजों को हैरान किया। ’’         

पूर्व भारतीय क्रिकेटर मदन लान ने कहा कि उन्हें अपने परम मित्र की काफी कमी खलेगी। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘‘लेग स्पिनर अब्दुल कादिर के निधन की खबर से हैरान हूं। वह परम मित्र थे, उनकी कमी खलेगी। मैं उनके परिवार को संवेदना देना चाहूंगा। उनकी आत्मा को शांति मिले। ’’         

पूर्व भारतीय बल्लेबाज आकाश चोपड़ा और इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर मार्क रामप्रकाश ने भी शोक व्यक्त किया। 

कादिर पाकिस्तान में क्रिकेटरों की कई पीढ़ियों  और दुनिया भर में लेग स्पिनरों के लिए प्रेरणा स्रोत रहे। वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज लेग स्पिनर शेन वार्न और पाकिस्तान के मुश्ताक अहमद के मेंटर भी रहे। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लेग स्पिनर इमरान ताहिर को भी लेग स्पिन के गुर सिखाये।
       
पाकिस्तान के बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज अकरम ने उन्हें एक जादूगर कहा जबकि पाकिस्तान के मौजूदा लेग स्पिनर यासिर शाह ने उन्हें लीजेंड कहा। शादाब खान ने उन्हें लेग स्पिनरों का आइकन बताया। अख्तर ने कहा कि लेग स्पिन को फिर से जिन्दा करने का श्रेय कादिर को जाता है। वार्न ने उन्हें जबरदस्त गेंदबाज बताया।

 

भाषा/वार्ता
लाहौर/ नयी दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment