विश्व कप: मोर्गन ने छक्कों के रिकार्ड पर कहा, कभी नहीं सोचा था कि ऐसी पारी खेलूंगा

Last Updated 19 Jun 2019 01:13:46 PM IST

अफगानिस्तान के खिलाफ आईसीसी विश्व कप मुकाबले में 17 छक्के लगा कर विश्व रिकार्ड कायम करने वाले इंग्लैंड के कप्तान इयोन मोर्गन ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनके बल्ले से ऐसी पारी निकलेगी।




मोर्गन ने मंगलवार को अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ पारी खेलते हुए 71 गेंद में रिकार्ड 17 छक्कों और चार चौकों की बदौलत 148 रन बनाए। मोर्गन एकदिवसीय क्रिकेट में पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने छक्कों से ही 100 से अधिक रन जुटाए। उन्होंने अपने करियर का 13वां शतक लगाया।         

इससे पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में सर्वाधिक छक्कों का रिकार्ड भारत के रोहित शर्मा, वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज क्रिस गेल और दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स के नाम था जिन्होंने 16-16 छक्के लगाये थे।         

उनकी पारी से इंग्लैंड ने छह विकेट पर 397 रन का विशाल लक्ष्य कायम किया जो विश्व कप ने टीम का सर्वोच्च स्कोर है। टीम ने इसके बाद अफगानिस्तान को आठ विकेट पर 247 रन पर रोक कर 150 रन से मैच अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गयी।         

मॉर्गन ने मैच के बाद कहा, "आज का दिन हमारे लिए शानदार रहा। विकेट बहुत अच्छी थी। मैं समझता हूं कि हमारे सलामी बल्लेबाजों ने जिस तरह की शुरुआत दिलाई उससे सब शुरू हुआ। जॉनी बेयरस्टो और जोए रूट ने शानदार प्रदर्शन किया और फिर हमने एक दांव खेला जो सही पड़ा।"



उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं सोचा था कि इस तरह से एक पारी खेल सकता हूं, लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने ऐसा किया। यह अजीब है। छक्के का रिकॉर्ड बनाना भी अजीब सा है। मैंने ऐसा करनामा करने के बारे में सोचा नहीं था लेकिन ऐसा करना अच्छा है।’’         

32 साल के इस खिलाड़ी ने कहा, ‘‘पिछले चार वर्षों में शायद मैंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेला है लेकिन कभी 50 या 60 गेंद में शतक नहीं लगाया है।’’

इंग्लैँड का अगला मैच 21 जून को श्रीलंका से होगा।

 

भाषा/आईएएनएस
मैनचेस्टर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment