Wrestlers Protest: दिल्ली पुलिस की बढ़ी चिंता, रेसलर्स के समर्थन में आज खाप पंचायतों का दिल्ली कूच

Last Updated 07 May 2023 09:54:18 AM IST

पहलवानों के पक्ष में किसानों के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के आह्वान से पहले दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर बैरिकेड्स लगा दिए हैं और किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मिट्टी से लदे डंपर भी तैनात कर दिए हैं।


राष्ट्रीय राजधानी में जंतर मंतर पर प्रदर्शन कर रहे कुछ पहलवानों के समर्थन में दो किसान संघों के रविवार और सोमवार को दिल्ली कूच करने की घोषणा के मद्देनजर धरना स्थल पर और दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा इंतजाम किये जाएंगे।

पुलिस ने यह जानकारी दी।संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने शनिवार को ऐलान किया कि वह भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे कुछ पहलवानों के समर्थन में राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन करेगा।

सिंघु बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को तैनात किया गया है और पुलिस ने बैरिकेड्स की कई कतारें बना दी हैं।

जंतर मंतर पर पहलवानों के विरोध में पंजाब और हरियाणा के किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।

पुलिस ने कहा, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस द्वारा एहतियाती कदम उठाए गए हैं। हम कानून और व्यवस्था की स्थिति बनाए रखना चाहते हैं।


सूत्र ने कहा, चूंकि बड़ी संख्या में ट्रैक्टर और अन्य वाहनों के आने की उम्मीद है, इसलिए पुलिस के लिए उन्हें रोकना एक चुनौती होगी और इसलिए ये सभी तैयारियां की जा रही हैं।

हालांकि पुलिस ने बैरिकेड्स लगा दिए हैं, लेकिन सिंघु बॉर्डर पर यातायात सुचारू है। दिल्ली में प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति पर पुलिस नजर रख रही है।

सिंघु बॉर्डर नेशनल हाईवे 44 पर है, जो दिल्ली को हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से जोड़ता है और इसलिए अगर किसान यहां ट्रैक्टर से पहुंचते हैं, तो इससे बड़े पैमाने पर ट्रैफिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पैदा हो सकती है।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने किसानों की यात्रा से पहले जंतर मंतर के आसपास और शहर की सीमाओं पर सुरक्षा इंतजाम करने की योजना बनाई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल की यात्रा को लेकर जंतर मंतर के नजदीक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी।

एक बयान में कहा गया है कि रविवार को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से संयुक्त किसान मोर्चा के कई वरिष्ठ नेताओं के सैकड़ों किसानों के साथ जंतर मंतर पर आने की योजना है तथा वे पहलवानों को समर्थन देंगे। एसकेएम ने सिंह की तुरंत गिरफ्तारी की भी मांग की।

वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) ने शुक्रवार को कहा था कि भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे पहलवानों के समर्थन में बड़ी संख्या में किसान आठ मई को जंतर-मंतर पर एकत्र होंगे।

उल्लेखनीय है कि संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) केंद्र सरकार द्वारा लाए गए और बाद में वापस लिए जा चुके तीन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) से अलग हुआ गुट है। एसकेएम कई किसान संगठनों का संयुक्त मोर्चा है।
 

भाषा/आइएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment