FIFA World Cup : गिरोड व एमबापे ने दिलाई फ्रांस को ऑस्ट्रेलिया पर 4-1 से जीत
ओलिवियर गिरोड और काइलन एमबापे के शानदार प्रदर्शन से फ्रांस ने ऑस्ट्रेलिया को 4-1 से हराकर फीफा विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता में अपने अभियान का जोरदार आगाज किया।
![]() अल वकराह : आस्ट्रेलिया के खिलाफ गोल करते फ्रांस के ओलिवियर गिरोड। |
करीम बेनजेमा की अनुपस्थिति में एमबापे ने एक गोल किया जबकि गिरोड के दो गोल में से एक गोल करने में मदद की। गिरोड ने 71वें मिनट में एमबापे के क्रॉस पर हैडर से गोल करके थियरे हेनरी के 51 गोल के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी की। गिरोड पिछले विश्व कप में गोल करने में नाकाम रहे थे लेकिन उन्होंने 2014 में गोल किया था। फ्रांस जब शनिवार को डेनमार्क का सामना करेगा तो उनके पास हेनरी के रिकॉर्ड को तोड़ने का मौका होगा।
फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा, ‘यह केवल रिकॉर्ड का पीछा करने से नहीं जुड़ा है लेकिन मैदान पर उनके प्रदर्शन से जुड़ा है। वह हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण खिलाड़ी है।’ गिरोड के इस गोल से तीन मिनट पहले एमबापे ने ओस्मान डेम्बेले के क्रॉस पर गोल किया था।
इससे पहले क्रेग गुडविन ने नौवें मिनट में ही गोल करके फ्रांस के समर्थकों को सकते में डाल दिया था। एड्रियन रैबियोट ने 27वें मिनट में गोल करके फ्रांस को बराबरी दिलाई थी। रैबियोट ने इसके चार मिनट बाद गिरोड के पहले गोल में मदद की। फ्रांस अपने स्टार स्ट्राइकर बेनजेमा के बिना खेल रहा है जो चोटिल होने के कारण विश्वकप से बाहर हो गए थे।
मोरक्को ने क्रोएशिया को बराबरी पर रोका
विश्व रैंकिंग में 22वें नंबर की टीम मोरक्को ने बृहस्पतिवार को फीफा विश्व कप 2022 के ग्रुप-एफ मुकाबले में 2018 की उपविजेता क्रोएशिया को ड्रॉ पर रोक दिया।
अल-बायत स्टेडियम पर खेले गये मुकाबले के शून्य गोल पर ड्रॉ होने के बाद दोनों टीमों ने एक-एक अंक बांटा। मोरक्को विश्व कप 2018 में अपना खाता नहीं खोल सकी थी लेकिन यहां उसने क्रोएशिया से एक अंक छीन लिया।
लुका मॉड्रिक की कप्तानी वाली क्रोएशिया ने इस मुकाबले में स्कोर करने के कई प्रयास किये लेकिन मोरक्को के डिफेंस ने सभी कोशिशों को असफल किया। कप्तान मॉड्रिक को 81वें मिनट और अतिरिक्त समय में फ्रीकिक मिली लेकिन वह इन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सके।
दूसरी ओर, ला लीगा में ओसासुना क्लब के लिए खेलने वाले अब्दे एशलशूली ने दूसरे हाफ में मैदान पर आकर मोरक्को के लिए कई अवसर बनाये, हालांकि क्रोएशिया ने उनके सभी प्रयासों को विफल करते हुए उन्हें फेरबदल करने का अवसर नहीं दिया। इस ड्रॉ के साथ क्रोएशिया और मोरक्को ग्रुप-एफ में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर आ गये हैं।
स्पेन ने कोस्टारिका को सात गोल से रौंद दिया
विश्व कप फुटबॉल प्रतियोगिता में स्पेन ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए कोस्टारिका को 7-0 से रौंद दिया। अल थुमामा स्टेडियम में में खेले गये ग्रुप डी के इस मुकाबले में कोस्टारिका की टीम पूरे मैच में सिर्फ गोल बचाने में लगी रही।
आधे समय तक उसने तीन गोल की बढ़त ले ली थी। स्पेन के लिए देनी ओलमो (11), माकरेस असेन्सियो (21), पाब्लो मार्टिन पाइज गाविरा (74), कालरेस सोलेर (90), और अल्वारो मोराटा (92) ने एक-एक और फेर्रान टोरेस (31 पेनल्टी, 54) ने दो गोल दागे।
| Tweet![]() |