अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में पंघाल ने जीता ऐतिहासिक स्वर्ण पदक

Last Updated 21 Aug 2022 07:00:10 AM IST

भारत की युवा पहलवान अंतिम पंघाल अंडर-20 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में ऐतिहासिक स्वर्ण पदक जीतकर ऐसा करने वाली पहली भारतीय महिला बन गयीं।


अंतिम ने जीता ऐतिहासिक स्वर्ण पदक

अंतिम ने शुक्रवार को 53 किग्राभार वर्ग के फाइनल में कजाकस्तान की अल्तिन शगायेवा को 8-0 से धूल चटाई।

भारतीय पहलवान ने डबल लेग अटैक से मैच की शुरुआत की और फिर एक टेकडाउन किया। ब्रेक तक उन्होंने 6-0 की बढ़त बना ली थी। अंतिम ने दूसरे हाफ में एक और टेकडाउन के साथ दो पॉइंट लेते हुए 8-0 पर मुकाबला समाप्त किया। 

अंतिम से पहले छह अन्य भारतीय पहलवान अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंच चुके हैं, लेकिन 17 वर्षीय अंतिम स्वर्ण जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। उन्होंने जीत के बाद कहा, सबने यही कहा कि जापान सर्वश्रेष्ठ है। मैं जापान को हराना चाहती थी। मुझे काउंटर अटैक पसंद है लेकिन यहां जापानी प्रतिद्वंदी ज्यादा हमलावर नहीं थीं इसलिए मुझे स्वयं ही कुछ दांव खेलने पड़े।

एशियाई अंडर-20 चैंपियनशिप स्वर्ण, अंडर-17 विश्व कांस्य, अंडर-23 एशियाई रजत और पिछले महीने अपने सीनियर अंतरराष्ट्रीय पदार्पण पर ट्यूनीशिया में रैंकिंग सीरीज स्वर्ण पदक जीतने वाली अंतिम ने पूरे टूर्नामेंट में अपना दबदबा दिखाया।

उन्होंने प्री-क्वार्टर फाइनल में पहले यूरोपीय चैंपियन ओलिविया एंड्रिच को तकनीकी श्रेष्ठता (11-0) से हराया और फिर एक मिनट के भीतर क्वार्टर फाइनल में जापान की अयाका किमुरा को पिन किया।

सेमीफाइनल में, अंतिम ने यूरोपीय अंडर-20 कांस्य पदक विजेता यूक्रेन की नताली क्लिवचुत्स्का को 11-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। भारत के दो अन्य पहलवान शुक्रवार को फाइनल में पहुंचे थे लेकिन वे स्वर्ण पदक के लिए जापान की बाधा को पार करने में नाकाम रहे।

टोक्यो ओलंपियन सोनम मलिक ने 62 किग्राफाइनल में जापान की नोनोका ओजाकी से हारने के बाद रजत पदक से संतोष किया। दूसरी ओर, प्रियंका ने 65 किग्राफाइनल में जापान की महीरो योशिटाके से हारने के बाद चांदी का तमगा जीता।

वार्ता
सोफिया (बुल्गारिया)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment