बील शतरंज महोत्सव: भारतीय ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन रेपिड स्पर्धा में दूसरे स्थान पर

Last Updated 26 Jul 2021 11:09:44 AM IST

भारत के युवा ग्रैंडमास्टर निहाल सरीन यहां बील अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के रेपिड वर्ग में चार जीत और दो ड्रॉ के साथ दूसरे स्थान पर रहे।


(फाइल फोटो)

सत्रह साल के सरीन (ईएलओ रेटिंग 2620) ने ग्रैंडमास्टर गाटा कामस्की (ईएलओ 2658) को बराबरी पर रोककर अमेरिकी खिलाड़ी के पांच मैच के विजय अभियान को थामा।

सरीन ने रविवार देर रात संपन्न सात दौर की रेपिड स्पर्धा में संभावित 14 में से 10 अंक जुटाए।

भारतीय ग्रैंडमास्टर ने रूस के किरिल एलेक्सेंको, इस्राइल के अनुभवी ग्रैंडमास्टर बोरिस गेलफेंड, विन्सेंट केमर और मैक्सिम लगार्डे को हराया। उन्होंने एलेन पिचोट और कामस्की को बराबरी पर रोका जबकि स्विट्जरलैंड के ग्रैंडमास्टर नोएल स्टुडर के खिलाफ उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा।

यही आठ खिलाड़ी अब क्लासिकल स्पर्धा में भी हिस्सा लेंगे। इसका आयोजन ग्रैंडमास्टर ट्रायथलन के हिस्से के तौर पर किया जा रहा है जो मंगलवार से शुरू हुआ। ब्लिट्ज वर्ग के मुकाबले 31 जुलाई को होंगे।

सरीन क्लासिकल स्पर्धा में अपने अभियान की शुरुआत एलेक्सेंको के खिलाफ करेंगे।

आईएएनएस
बील (स्विट्जरलैंड)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment