तीसरी बार वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचीं पीवी सिंधु, रजत पदक पक्का

Last Updated 24 Aug 2019 04:30:40 PM IST

ओलम्पिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु ने शनिवार को यहां जारी बीडब्ल्यूएफ बैडमिंटन विश्व चैम्पियनशिप-2019 के फाइनल में जगह बना ली है।


ओलम्पिक रजत पदक विजेता पीवी सिंधु (फाइल फोटो)

भारतीय स्टार पीवी सिंधू ने शनिवार को यहां आल इंग्लैंड चैम्पियन चेन यु फेई पर सीधे गेम में मिली जीत से लगातार तीसरे फाइनल में प्रवेश किया जिससे वह विश्व चैम्पियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने से महज एक कदम दूर हैं।          

सिंधू ने इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के पिछले दो चरण में लगातार रजत पदक हासिल किये, इसके अलावा उनके नाम दो कांस्य पदक भी हैं।           

हैदराबादी खिलाड़ी ने 40 मिनट तक चले सेमीफाइनल में चीन की दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी चेन यु फेई को 21-7 21-14 से शिकस्त दी।        

24 साल की भारतीय खिलाड़ी अब रविवार को थाईलैंड की 2013 की वि चैम्पियन रतचानोक इंतानोन और जापान की 2017 की विजेता नोजोमी ओकुहारा के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी।         

ओलंपिक रजत पदकधारी सिंधू का मैच से पहले चेन के खिलाफ रिकार्ड 5-3 का था। उन्होंने शुरू में तेजी से बढत बनायी।           

सिंधू ने तेज तर्रार शाट से कमजोर रिटर्न का फायदा उठाया और अपनी प्रतिद्वंद्वी को पस्त किया।           

पहले ब्रेक मे सिंधू ने 11-3 की बढत बनायी हुई थी। चेन का मुश्किल का दौर जारी रहा और वह लाइन से चूकती रही जिससे भारतीय खिलाड़ी ने मनमुताबिक अंक हासिल किये। इस तरह पहला गेम आसानी से जीत लिया।           



दूसरे गेम में चेन ने हालांकि बेहतर शुरूआत की और दोनों खिलाड़ी 3-3 की बराबरी पर थी। लेकिन चीनी खिलाड़ी की गलतियां जारी रहीं जिससे सिंधू ने बढत 10-6 कर ली।           

सिंधू ने चेन के बैकहैंड की कमजोरी का फायदा उठाया और ब्रेक तक 11-7 से आगे हो ली।           

भारतीय खिलाड़ी ने रैलियों के दौरान प्रतिद्वंद्वी को जरा भी मौका नहीं दिया और इन प्रयासों का उसे फल मिला। चेन ने कई अनफोस्र्ड गलतियां की और सिंधू ने जल्द ही बढत 17-9 कर ली और इसे भी जीत लिया।
 

 

भाषा
बासेल (स्विट्जरलैंड)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment