एफआईएच वर्ल्ड सीरीज हॉकी : भारत ने रूस को रौंदा

Last Updated 07 Jun 2019 06:19:50 AM IST

मेजबान भारत ने एफआईएच वर्ल्ड सीरीज हॉकी फाइनल्स में तूफानी शुरुआत करते हुए रूस को पूल ए के मुकाबले में 10-0 के बड़े अंतर से रौंद दिया।


रूस के खिलाफ गोल दागने के बाद खुशी मनाते भारतीय खिलाड़ी।

कलिंगा स्टेडियम में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट में भारत को हालांकि पहले गोल के लिए 13 मिनट तक इन्तजार करना पड़ा लेकिन पहले हाफ में तीन गोल करने के बाद भारत ने दूसरे हाफ में सात गोल दागे। भारत की जीत में हरमनप्रीत सिंह और आकाशदीप सिंह ने दो-दो गोल किये। भारत को नीलकांत शर्मा ने 13वें मिनट में मैदानी गोल कर बढ़त दिलाई। सिमरनजीत सिंह ने 19वें मिनट में भारत का दूसरा गोल किया। अमित रोहिदास ने 20वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर भारत का तीसरा गोल किया। हरमनप्रीत ने 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत को 4-0 से आगे कर दिया जबकि वरुण कुमार ने 34वें मिनट पर भारत का पांचवां गोल किया।

गुरसाहिबजीत सिंह ने 37वें मिनट में मैदानी गोल किया और भारत 6-0 से आगे हो गया। आकाशदीप सिंह ने 42वें और विवेक प्रसाद ने 45वें मिनट में मैदानी गोल करते हुए भारत की बढ़त को 8-0 पहुंचा दिया। हरमनप्रीत ने 48वें मिनट में पेनल्टी कार्नर और आकाशदीप ने 56वें मिनट में मैदानी गोल कर भारत को परफेक्ट-10 से जीत दिला दी। भारत ने अपने 10 गोलों में से चार पेनल्टी कार्नर पर किये। भारत का अगला मुकाबला शुक्रवार को पोलैंड से होगा। दिन के अन्य मैचों में अमेरिका ने पूल बी में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से और पोलैंड ने उज्बेकिस्तान को पूल ए में 4-0 से हराया।

 

वार्ता
भुवनेश्वर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment