फेड कप में इंडोर कोर्ट पर सर्विस अहम होगी: भारतीय कोच

Last Updated 06 Feb 2019 03:52:32 PM IST

भारत की फेड कप कोच अंकिता भांबरी का मानना है कि अंकिता रैना और करमन कौर थंडी यहां फेड कप टेनिस टूर्नामेंट में सबसे से बेहतर रैंकिंग वाली खिलाड़ियों से भिड़ेंगी तो इंडोर कोर्ट पर सर्विस महत्वपूर्ण होगी।


फेड कप में इंडोर कोर्ट पर सर्विस अहम होगी: भारतीय कोच (फाइल फोटो)

भारत एशिया/ओसियाना ग्रुप एक में अपने अभियान की शुरुआत गुरुवार को थाईलैंड के खिलाफ करेगा जबकि शुक्रवार को उसकी भिड़ंत मेजबान कजाखस्तान की मजबूत टीम के साथ होगी।         

अंकिता रैना और करमन के अच्छी फार्म में होने के कारण भारत को थाईलैंड को हराने में अधिक दिक्कत नहीं होनी चाहिए।         

थाईलैंड की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली एकल खिलाड़ी पींगटार्न प्लीपुच है जिनकी विश्व रैंकिंग 297 है। उनके साथी खिलाड़ी पूनिन कोवापितुकेट की विश्व रैंकिंग 657 है।         

अंकिता भांबरी ने कहा, ‘‘ईमानदारी से कहूं तो लड़कियों में हर साल सुधार हो रहा है। करमन मजबूत और सबसे फिट हैं जबकि अंकिता भी मजबूत है और उसके पास अधिक अनुभव है।’’        
शहर में तापमान शून्य डिग्री से कम होने के कारण मैच इंडोर कोर्ट पर खेले जाएंगे।         

अंकिता भांबरी ने कहा, ‘‘अच्छी सर्विस करना (इंडोर में) और गेंद तक तेजी से पहुंचना महत्वपूर्ण है। अगर आप अंक की अच्छी शुरुआत करते हैं तो खत्म करने की संभावना भी बेहतर हो जाती है।’’         

कजाखस्तान के पास दुनिया की 43वें नंबर की खिलाड़ी यूलिया पुतिन्तसेवा और 96वें नंबर की खिलाड़ी जरीना डियास है और इन दोनों के सामने पूल ए में भारत की राह आसान नहीं होगी।         

पूल ए और पूल बी में शीर्ष पर रहने वाली टीमों के बीच होने वाले मुकाबले से विश्व ग्रुप दो में जगह बनाने वाली टीम का फैसला होगा।          

पूल बी में चार टीमों को जगह मिली है जिसमें चीन, कोरिया, इंडोनेशिया और पैसीफिक ओसियाना शामिल है।

 

भाषा
अस्ताना (कजाखस्तान)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment