केदारनाथ, यमुनोत्री धाम के कपाट 6 महीने के लिये हुए बंद

Last Updated 09 Nov 2018 04:18:08 PM IST

भगवान शिव के बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक उत्तराखंड के हिमालय पर्वत की कन्दरा में स्थित बाबा केदारनाथ धाम और पवित्र यमुना नदी के उद्गम स्थल पर स्थित मां यमुनोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए पूजा-अर्चना के बाद शुक्रवार को बन्द कर दिये गये।


केदारनाथ, यमुनोत्री के कपाट शीतकाल के लिये बंद (फाइल फोटो)

शुक्रवार को यम द्वितीया (भैया दूज) पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच सुबह बाबा केदारनाथ को फूलों से सजी डोली में स्थापित किया गया।

केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने के बाद अब शीतकाल के छह माह में भोले बाबा की पूजा-अर्चना ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में जबकि मां यमुना के दर्शन उनके मायके खुशीमठ (खरसाली) में किये जा सकेंगे।

केदारनाथ में इस  मौके पर बद्री-केदार मंदिर समिति ने केदारनाथ मंदिर को चारों ओर से 10 क्विंटल फूलों से सजाया था। कपाट बंद होने के अवसर पर कुल 1785 श्रद्धालु मौजूद थे।

कपाट बंद होने से पूर्व पुजारी ने मंदिर के गर्भगृह में तड़के तीन बजे से विशेष पूजा-अर्चना शुरू कर दी। भागवान को भोग लगाने के उपरान्त भक्तों ने केदारबाबा के दर्शन किए।इसके बाद भगवान को समाधि पूजा के बाद गर्भगृह के कपाट बंद कर दिए गए। अंत में मंदिर के मुख्य कपाट सुबह ठीक आठ बजकर 30 मिनट पर बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के बाद भगवान की पंचमुखी उत्सव डोली सेना के जेकलाई रेजीमेंट के बैंड की धुनों के साथ अपने शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर के लिए रवाना हो गयी। केदारनाथ की उत्सव डोली रामपुर में रात्रि विश्राम करेगी।

इसके बाद उत्तरकाशी स्थित वि प्रसिद्ध यमुनोत्री धाम के कपाट मध्यान 12.15 मिनट पर बंद कर दिए गए। मां यमुनोत्री को लेने के लिए खरसाली से शनिदेव की डोली यमुनोत्री पहुंची। शनिदेव की इस डोली के साथ मां यमुना की डोली खरसाली पहुंचेगी। शीतकाल में पर्यटक और यी मां यमुना के दर्शन उनके मायके एवं शीतकालीन प्रवास खुशीमठ (खरसाली) में कर सकेंगे।

गौरतलब है कि यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज के अवसर पर विधिवत हवन पूजा-अर्चना के साथ बंद किए जाते हैं।

शुक्रवार सुबह शनिदेव अपनी बहन को लेने के लिए खरसाली से यमुनोत्री धाम के लिए डोली से रवाना हुए। पूर्वान् 10 बजे शनिदेव की डोली यमुनोत्री धाम पहुंची।  विधिवत पूजा- अर्चना के बाद दोपहर बाद सवा बारह बजे मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। इसके बाद  बहन (यमुना) की अगुवायी करते हुए शनिदेव की डोली वापिस खरसाली को चल पड़ी।
 

 

वार्ता
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment