उत्तराखंड: देहरादून के मेयर सहित BJP ने 34 निकाय अध्यक्ष पद जीते, कांग्रेस को 25 सीटें मिलीं

Last Updated 21 Nov 2018 11:46:38 AM IST

उत्तराखंड में नगर निकाय चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा ने मुख्य विपक्षी कांग्रेस को पीछे छोड़ते हुए राजधानी देहरादून के मेयर पद सहित 34 निकायों के अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की है।


वहीं, निर्दलीय प्रत्याशियों ने चौंकाने वाला प्रदर्शन करते हुए 23 निकाय अध्यक्ष पदों पर कब्जा कर दोनों प्रमुख दलों को स्तब्ध कर दिया है।     

राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय से मिले परिणामों के अनुसार, प्रदेश के सात नगर निगमों के मेयर पदों में से पांच पर भाजपा ने कब्जा कर लिया जबकि दो अन्य पर बाजी कांग्रेस के हाथ लगी।

देहरादून नगर निगम के मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी और मुख्यमंत्री के बेहद करीबी सुनील उनियाल गामा ने कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल को 35,000 से ज्यादा मतों से पराजित किया।      

मेयर पद पर जीतने वाले भाजपा के अन्य प्रत्याशी अनीता ममगाई (ऋषिकेश), उषा चौधरी (काशीपुर), रामपाल सिंह (रूद्रपुर) और जोगेंद्र रौतेला (हल्द्वानी) रहे। दो नगर निगमों में मेयर कांग्रेस के चुने गये जहां कोटद्वार में हेमलता नेगी और हरिद्वार में अनीता शर्मा ने जीत हासिल की।

कुल 84 में से अब तक घोषित 83 नगर निकाय अध्यक्ष पदों में से 25 पर कांग्रेस ने जीत हासिल की जबकि एक पद पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने जीत दर्ज की है।    

प्रदेश में सात नगर निगमों, 39 नगरपालिकाओं और 38 नगर पंचायतों सहित 84 नगर निकायों के लिये 18 नवंबर को मतदान हुआ था।     

मंगलवार सुबह आठ बजे शुरू हुई मतपत्रों की गिनती का काम बुधवार तड़के तक जारी रहा।

भाषा
देहरादून


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment