वाराणसी में गरजीं ममता, बोलीं- यूक्रेन से भारतीय छात्रों को लाना जरूरी लेकिन पीएम मोदी चुनावी सभाओं में व्यस्त हैं

Last Updated 03 Mar 2022 03:48:08 PM IST

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के गढ़ से भाजपा पर निशाना साधा है और कहा कि भाजपा के लोग पहले कहते थे कि हम अच्छे दिन ले आएंगे। अच्छे दिन के नाम पर रेलवे, एयरपोर्ट, बैंक बेच रहे हैं।


PM मोदी के गढ़ में गरजीं ममता

ममता ने आरोप लगाया कि उप्र चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) के पक्ष में प्रचार करने के लिए वाराणसी पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन पर हमला किया।

ममता ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ यहां आयोजित संयुक्त रैली में कहा, "मैं कल (बुधवार को) हवाई अड्डे से दश्वमेधघाट जा रही थी। रास्ते में कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिंसा करने की नियत से मेरी गाड़ी रोकी और उसे नुकसान पहुंचाया। मुझे धक्का दिया और कहा कि वापस चले जाओ।"

उन्होंने यह भी दावा किया कि उप्र विधानसभा चुनाव में भाजपा हार रही है।

वाराणसी के रिंग रोड के किनारे ऐढ़े गांव में आज सपा गठबंधन की रैली में अखिलेश यादव, ममता बनर्जी समेत कई नेताओं ने हुंकार भरी। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि यूपी में खेला होबे। उन्होंने मंच से सपा की जीत और भाजपा को खदेड़ने का नारा लगाया।

ममता बनर्जी ने कहा कि यूक्रेन से भारतीय छात्रों को वापस लाना जरूरी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तर प्रदेश में चुनावी सभाओं में व्यस्त हैं। ममता ने कहा कि यूक्रेन से भारतीय छात्रों को वापस लाना जरूरी है, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उप्र में चुनावी सभाओं में व्यस्त हैं।


ममता ने कहा कि वह एक चुनावी सभा के लिए उत्तर प्रदेश आई हैं और उन्हें आश्चर्य है कि भाजपा को इससे इतनी तकलीफ क्यों है।

उन्होंने कहा, "मैं कायर नहीं, बल्कि फाइटर हूं। मैं लंबे समय से लड़ाई लड़ रही हूं। पूर्व में, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के लोगों ने मुझ पर हमला किया था, मेरे ऊपर कई बार गोली भी चली, लेकिन मैं कभी उनके आगे झुकी नहीं।"

 

 



ममता ने कहा कि बुधवार को जब भाजपा कार्यकर्ता उन्हें अपशब्द कह रहे थे तब यह देखने के लिए वह अपनी कार से उतर कर कुछ देर के लिए चुपचाप खड़ी हो गई थीं कि हमलावर क्या कर सकते हैं।

उन्होंने कहा, "मैं देखना चाहती थी कि वे क्या कर सकते हैं। उनमें कितनी ताकत है लेकिन वे कायर हैं। उन्होंने मेरी कार पर हमला किया। मेरे साथ धक्का-मुक्की की। लेकिन मैं जान गई हूं, यह संदेश बहुत साफ है कि भाजपा चुनाव में हार रही है।"

ममता ने कहा कि अगर वह उत्तर प्रदेश में एक बार आ रही हैं और उससे भाजपा की पराजय सुनिश्चित हो रही है तो वह हजार बार उत्तर प्रदेश आना चाहेंगी। उन्होंने कहा "यह आसान नहीं है। खेला होबे।"

'खेला होबे', पिछले साल पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान तृणमूल कांग्रेस का सूत्र वाक्य बन गया था।
 

वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि ममता बनर्जी यहां आते ही ना केवल भाजपा हारेगी। आज छठवें चरण का मतदान है। जब सातवें चरण में जब वोट पड़ेगा तब भाजपा का सफाया हो जाएगा। पूर्वांचल की जनता भाजपा को माफ नहीं करेगी बल्कि साफ करेगी। जनता सपा सरकार बनाने का मन बना चुकी है। अखिलेश ने कहा कि हम पूर्वांचल का अभूतपूर्व विकास करेंगे।

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के प्रमुख शिवपाल यादव ने कहा कि जनता के कहने पर और भाजपा को हराने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव के साथ मतभेद खत्म किए हैं। उन्होंने कहा कि अब जनता की बारी है कि भाजपा को सत्ता से हटाएं।

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अपने अंदाज में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने महंगाई और बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर भाजपा को घेरा। कहा कि जब मैं अरविंद राजभर के नामांकन में जा रहा था तब भाजपा के गुंडों ने हमारे ऊपर जानलेवा हमला किया। मैंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा मैं रहूं या न रहूं सामाजिक न्याय के आंदोलन को जारी रखना।

रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की तरह सपा का घोषणा पत्र फर्जी नहीं है। हम जो कहते हैं वह करते हैं। बात चाहे शिक्षा मित्रों के नियमित करने की हो या फिर आशा बहनों के मानदेय बढ़ाने की हो। हम जो भी वादा कर रहे हैं वह पहली कैबिनेट में पूरी करेंगे। भाजपा के लोगों को पश्चिमी से समाजवादियों ने भागना शुरू किया है।

रालोद के नेता जयंत चौधरी ने कहा कि आज हम देश बचाने के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। युवा साथियों आप अपना समर्थन समाजवादी को दें। आज साथियों हमारे देश के कई लोग यूक्रेन में फंसे हैं। सरकार केवल दिखावा कर रही है। आज से कुछ वर्ष पहले भी इस तरह हुआ था। तब सरकार ने उन लोगों को वापस लाया। जिसकी चर्चा गिनीज बुक में भी हुई थी।
 

आईएएनएस/भाषा
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment