2024 Elections: सिर्फ नारों से विकसित नहीं होगा देश, अखिलेश बोले- महंगाई, बेरोजगारी, किसान, महिलाओं के प्रति अपराध होंगे मुद्दे

Last Updated 09 Jan 2024 10:04:47 AM IST

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, गरीबी और बेरोजगारी को बढ़ाने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि विकसित भारत का झूठा सपना दिखाने वाली भाजपा को समझना चाहिये कि सिर्फ नारों से देश को विकसित नहीं बनाया जा सकता है।


समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)

समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों की जिम्‍मेदारी व जवाबदेही तय करते हुए कहा कि इस बार के चुनाव (लोकसभा-2024) में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।

यहां सपा राज्य मुख्यालय में पार्टी के सभी जिला एवं महानगर अध्यक्षों की बैठक को संबोधित करते हुए यादव ने कहा कि जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जनविरोधी नीतियों के चलते 2024 के लोकसभा चुनावों में उसे हराने को तैयार है।

यहां सपा मुख्‍यालय से जारी एक बयान के अनुसार यादव ने कहा, ‘‘भाजपा लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ करती है। वह इस तरह की रणनीति अपनाती है जिससे मुख्य मुद्दों से जनता का ध्यान भटके। इस बार के चुनाव में लोकतंत्र बचाने से लेकर बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की उपेक्षा, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, अन्याय और भ्रष्टाचार सबसे बड़े मुद्दे होंगे।’’

उन्‍होंने कहा, ‘‘चुनाव आ गया है, 100 दिन भी नहीं बचे, इसलिए पूरी तैयारी के साथ हमारे कार्यकर्ता, संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में सबसे बड़ी भूमिका समाजवादी पार्टी निभाने जा रही है। हमें अपने संगठन पर पूरा भरोसा है कि समाजवादी पार्टी के कार्यक्रम, नीतियों, फैसलों को जनता तक पहुंचाने का काम करेंगे।’’

यादव ने कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी संगठन को सेक्टर और बूथ स्तर तक मजबूत कर रही है। सभी जिलाध्यक्ष कार्यकर्ताओं को बूथस्तर पर चिह्नित करके जिम्मेदारी देंगे।’’ उन्‍होंने आरोप लगाते हुए कहा,‘‘कई जिलों में मतदाता सूची पर अच्छा काम हुआ है। बूथ स्तर पर नेता और कार्यकर्ता अधिकारियों के मिलकर कहां वोट कटा और कहां वोट बढ़ा उसकी जानकारी करेंगे और उस पर नज़र भी रखेंगे। क्योंकि चुनाव में भाजपा हर तरह का हथकंडा अपना सकती है। वह चुनाव आयोग को दबाव में भी ले सकती है।’’

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment