CAA का विरोध: यूपी के लखनऊ, संभल में प्रदर्शनकारियों ने की आगजनी

Last Updated 19 Dec 2019 02:51:38 PM IST

उत्तर प्रदेश के लखनऊ और संभल में नागरिकता संशोधन अधिनियम के खिलाफ प्रदर्शन ने गुरुवार को हिंसक रूप ले लिया है।


राजधानी लखनऊ के खदरा के मदेयगंज इलाके में नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में लोगों ने पुलिस चौकी के बाहर पथराव किया और वहां खड़ी कई गाड़ियों को आग लगा दिया। इस मामले में 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।     

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय प्रताप सिंह लल्लू को हिरासत में लिया गया है।     

पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने बताया, ‘‘गुरुवार दोपहर बाद करीब दो बजे कुछ असामाजिक तत्वों ने खदरा मोहल्ले के मदेयगंज में पुलिस चौकी के बाहर खड़े वाहनों को आग लगा दी और पथराव किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिये आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर तैनात हैं।’’     

उन्होंने बताया कि इस मामले में करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है।     

खदरा के आसपास के पुराने लखनऊ के मुस्लिम बाहुल्य इलाके में हालात काफी तनावपूर्ण है और वहां भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इलाके में गश्त लगा रहे हैं।     

कांग्रेस सूत्रों ने बताया, ‘‘शहर के परिवर्तन चौक इलाके में विरोध प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार सिंह लल्लू को हिरासत में लिया गया है। परिवर्तन चौक इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हर आने जाने वाले वाहन की जांच पड़ताल की जा रही है।

संभल में एक बस को लगायी आग, एक में की तोड़फोड़

वहीं संभल में प्रदर्शनकारियों ने राज्य परिवहन निगम की दो बसों को नुकसान पहुंचाया।    

पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने बताया कि आज दोपहर संभल के चौधरी सराय इलाके में एक बस में आग लगा दी गयी जबकि दूसरी बस में तोड़फोड़ की गयी।    

अग्निशमन विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंच गयीं और आग पर काबू करने का प्रयास किया।         

नागरिकता संशोधन कानून के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान आज उत्तर प्रदेश में यह पहली बड़ी घटना है जिसमें सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया है।

प्रदर्शन के चलते संभल में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

 

 

भाषा
लखनऊ/संभल


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment