यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा, बस सवार 8 लोगों की मौत

Last Updated 29 Mar 2019 09:36:29 AM IST

ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार को तड़के एक निजी बस ने एक टैंकर को टक्कर मार दी जिससे एक नाबालिग और दो महिलाओं समेत आठ लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए।


अधिकारियों ने बताया कि बस उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से दिल्ली जा रही थी, तभी रबूपुरा थाना क्षेत्र में तड़के पांच बजे यह हादसा हुआ।     

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दु:ख प्रकट किया है। जिला मजिस्ट्रेट बीएन सिंह और पुलिस प्रमुख वैभव कृष्ण समेत गौतम बुद्ध नगर के शीर्ष अधिकारी घायलों से मिलने अस्पताल गए।     

योगी ने हादसे पर खेद व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘आज ग्रेटर नोएडा में बस दुर्घटना में आठ लोगों के निधन से मुझे बहुत दु:ख पहुंचा है, ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को संबल देने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना में घायल यात्रियों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना करता हूं।’’     

जेवर ने पुलिस क्षेत्राधिकारी शरत चंद्र शर्मा ने कहा, ‘‘हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और 30 लोग घायल हो गए। पीड़ितों को जेवर में निकटवर्ती कैलाश अस्पताल ले जाया गया है। तेज गति से आ रही बस एक टैंकर से टकरा गई जो अपेक्षाकृत धीरे चल रहा था।’’     

शर्मा ने कहा, ‘‘घटना के सटीक कारण का अभी पता नहीं चल पाया है लेकिन प्रथम दृष्ट्या ऐसा लगता है कि बस चालक नींद में था। टैंकर धीमी गति से चल रहा था, तेज गति से चल रही बस उससे आगे नहीं निकल पाई और टक्कर हो गई।’’    

मृतकों की पहचान बस चालक महेश कुमार (48), खलासी बंदू (25) विनीता (32) , अरूण (42), असद (12), सुमन (35) और विश्वनाथ तिवारी (75) के रूप में हुई है।     अधिकारी ने बताया कि एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है।     

इससे पहले लखनऊ में एक अधिकारी ने कहा था, ‘‘मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस को हर प्रकार की सहायता मुहैया कराने का निर्देश दिया है। जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्घटनास्थल पर पहुंच रहे हैं।’’     

समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी इस हादसे पर खेद व्यक्त किया है और राज्य सरकार से घायलों और मृतकों के परिजन को मुआवजा देने की अपील की है।     

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस हादसे में 8 लोगों की मृत्यु हृदयविदारक घटना! ईश्वर मृतकों की आत्माओं को शांति और परिजनों को इस दु:ख की घड़ी में शक्ति दे। पूर्ण संवेदना और सरकार से उचित मुआवज़े की अपील। घायलों को मिले हरसम्भव मदद।’’

भाषा
नोएडा/लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment