70 साल की रट लगाना बंद करे भाजपा, हर बात की होती है एक्सपायरी डेट: प्रियंका गांधी

Last Updated 19 Mar 2019 10:32:11 AM IST

भाजपा सरकार के विकास के रिपोर्ट कार्ड के दावों को खोखला बताते हुये कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मंगलवार को कहा कि जमीनी वास्तविकता बिल्कुल अलग है और जहां तक भाजपा पिछले 70 साल की बात करती है तो इसकी भी एक एक्सपायरी डेट होती है।




कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी

सीतामढ़ी गेस्ट हाउस के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुये उन्होंने कहा, "जमीन पर आकर जरा देखें कि क्या स्थिति है। यह रिपोर्ट कार्ड, प्रचार, यह लगता बहुत अच्छा है लेकिन जमीन पर कुछ नहीं है। मैं रोज लोगों से मिल रही हूं और रोज मुझे यही पता चल रहा है कि चाहे किसान हो, नौजवान हो, स्टूडेंट हो, शिक्षामित्र हो, आंगनबाड़ी हो सब प्रताड़ित हैं। उनको कुछ नहीं मिला, कहीं कहीं यह एलान हुआ कि 17 हजार का आपको वेतन मिलेगा और आज तक कुछ नहीं मिला। दो साल से आठ हजार पर चल रहे हैं। जो प्रचार करते हैं और जो होता है उसमें बहुत फर्क है।"  

योगी सरकार के दो साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश किये जाने की बाबत सवाल पर प्रियंका ने कहा कि "जो प्रचार करते हैं और जो होता है उसमें बहुत फर्क है। जहां तक इनकी यह 70 साल वाली रट है इस रट की भी एक एक्सपायरी डेट होती है। पांच साल से आप सरकार में हैं पांच सालों में आपने क्या किया।"       

प्रियंका तीन दिन की गंगा किनारे की यात्रा पर हैं। आज उन्होंने मिर्जापुर जाने से पहले सीतामढ़ी मंदिर में दर्शन और पूजा की।      

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पर तंज करते हुए भाजपा ने सोमवार को कहा था कि गांधी परिवार के लिये हर चुनाव पिकनिक की तरह है।      

भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉक्टर दिनेश शर्मा ने प्रियंका द्वारा नौका के जरिये गंगा की 100 किलोमीटर की यात्रा शुरू किये जाने का जिक्र करते हुए कहा, "गांधी परिवार के लिये तो हर चुनाव पिकनिक की तरह है। उसके सदस्य यहां आते हैं और भाषण देकर चले जाते हैं। चुनाव खत्म होने के बाद वे स्विट्जरलैंड या इटली रवाना हो जाते हैं।"   

उन्होंने कहा, "जैसे ही नये चुनाव की घोषणा होती है, गांधी परिवार का कोई नया सदस्य सामने आता है और खुद को जादुई नेता समझने लगता है। उन सम्मानित नेता (प्रियंका) ने पूर्व में हुए चुनावों में भी कांग्रेस के लिये प्रचार किया था, इसके बावजूद उनकी पार्टी को अपने घर में ही हार का मुंह देखना पड़ा था।"

भाषा
भदोही (उत्तर प्रदेश)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment