हमारी जिम्मेदारी प्रदेश की राजनीति को बदलने की है

Last Updated 18 Mar 2019 05:41:48 AM IST

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने रविवार को उत्तर प्रदेश की जनता को एक खुला खत लिखा है। इस खत में उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में उनकी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है।


लखनऊ : चुनाव प्रचार अभियान के तहत कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार को यहां पहुंचीं।

उन्होंने यूपी के लोगों से कहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उन्हें उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की जिम्मेदारी दी है। उत्तर प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर रविवार को यहां पहुंचीं प्रियंका ने खत में कहा, उत्तर प्रदेश के लोगों से मेरा नाता बहुत पुराना है। आज कांग्रेस पार्टी की सिपाही के रूप में मेरी जिम्मेदारी आपके सबके साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की राजनीति को बदलने की है। उन्होंने कहा, प्रदेश की राजनीति में एक ठहराव के कारण आज युवा, महिलाएं, किसान और मजदूर परेशानी में हैं।

वह अपनी बात अपनी पीड़ा साझा करना चाहते हैं, लेकिन राजनीतिक गुणा-गणित के शोर में युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों की आवाज प्रदेश की नीतियों से पूरी तरह गायब है। प्रियंका ने लिखा कि वह इस धरती से आत्मिक रूप से जुड़ी रही हैं। मैं मानती हूं कि प्रदेश में किसी भी राजनीतिक परिवर्तन की शुरुआत आपकी बात सुने बगैर आपकी पीड़ा को साझा किए बगैर नहीं हो सकती है इसलिए सीधा आपसे एक सच्चा संवाद करने मैं आपके द्वार पर पहुंच रही हूं। आपकी बातों को सुनकर सच्चाई और संकल्प की बुनियाद पर हम राजनीति में परिवर्तन लाएंगे।

भाषा
लखनऊ


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment