Paper Leak: राजस्थान की गहलोत सरकार के खिलाफ BJP का बड़ा प्रदर्शन, सचिवालय को घेरा

Last Updated 13 Jun 2023 04:09:48 PM IST

राजस्‍थान में विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भ्रष्टाचार और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर मंगलवार को राजधानी जयपुर में कांग्रेस सरकार के खिलाफ यहां सचिवालय के पास प्रदर्शन किया।


भ्रष्‍टाचार व पेपर लीक मामले में BJP का जयपुर में प्रदर्शन

पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के पास एक जनसभा के बाद सचिवालय की ओर मार्च शुरू किया। हालांकि, पुलिस ने उन्हें स्टैच्यू सर्किल पर रोक लिया।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, राज्यसभा सदस्य किरोड़ी मीणा समेत अन्य नेताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग के खिलाफ सांकेतिक धरना दिया।

कार्यकर्ताओं ने कुछ देर के धरने के बाद वहां 'भ्रष्टाचार' का प्रतीकात्मक पुतला फूंका। इसके कुछ देर बाद ही पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।

इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष जोशी और अन्य नेताओं को पुलिस बस में बैठाकर ले गई।




इससे पहले जोशी ने कहा, 'आंदोलन कांग्रेस सरकार के कुशासन के खिलाफ है। गहलोत सरकार ने युवाओं को ठगा है और उनके सपनों को लूटा है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, भ्रष्टाचार चरम पर है इसलिए आज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया जा रहा है।'

इस मार्च व प्रदर्शन में जयपुर शहर के पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
 

भाषा
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment