अलवर रेप कांड ने प्रियंका गांधी, कांग्रेस के पाखंड को बेनकाब किया: BJP

Last Updated 13 Jan 2022 01:56:56 PM IST

राजस्थान के अलवर जिले में मानसिक रूप से निशक्त 15 वर्षीय किशोरी के कथित बलात्कार को मुद्दा बनाकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा पर निशाना साधा है।


भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया (file photo)

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा कि अलवर में इस किशोरी के साथ कथित तौर पर बलात्कार किए जाने का मामला सामने आया है लेकिन अभी तक दोषियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है।

पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां अपनी नेता प्रियंका गांधी का जन्मदिन मनाने में मशगूल थी वहीं राजस्थान की लड़कियां इस जघन्य अपराध के दोषियों को दंडित किए जाने की मांग कर रही थीं।

ज्ञात हो कि मानसिक रूप से निशक्त किशोरी मंगलवार रात नौ बजे अलवर के तिजारा फाटक के पास सड़क पर घायल अवस्था में मिली थी। बुधवार को जयपुर के अस्पताल में उसकी शल्य चिकित्सा की गई। पीड़िता के निजी अंगों में गंभीर चोट के कारण सर्जरी में ढाई घंटे का समय लगा।

भाटिया ने कहा, ‘‘एक तरफ प्रियंका गांधी वाद्रा उत्तर प्रदेश में कहती हैं ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ लेकिन दूसरी तरफ उनकी पार्टी के शासन वाले राजस्थान में लड़कियां यह कहकर अपनी नाराजगी प्रकट कर रही है कि ‘लड़की हूं, तुम पर भड़की हूं’।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में भाजपा विपक्ष की सक्रिय भूमिका निभा रही है और पीड़ित लड़की के लिए न्याय की मांग कर रही है। भाजपा प्रवक्ता ने दावा किया कि इस जघन्य अपराध के खिलाफ राज्य की जनता में व्यापक आक्रोश है और यह घटना कांग्रेस के पाखंड को बेनकाब करती है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पुलिस महानिदेशक एम एल लाठर से इस मामले में एक रिपोर्ट मांगी है और विस्तृत जांच के निर्देश दिये हैं।

पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह दुष्कर्म का मामला प्रतीत होता है। हालांकि, अब तक इस बारे में पुष्टि नहीं हो पाई है। मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीम गठित की गई हैं लेकिन पीड़िता के साथ हुई घटना के बारे में पुलिस को अब तक कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है।
 

भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment