राजस्थान को कपकपाएंगी हिमालय से आने वाली सर्द हवाएं, शीतलहर की चेतावनी

Last Updated 16 Dec 2021 12:57:20 PM IST

मौसम विभाग ने शुक्रवार से राजस्थान के कई इलाकों में शीतलहर चलने का अनुमान व्यक्त किया है। उत्तरी सर्द हवाओं से तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।


राजस्थान को कपकपाएंगी सर्द हवाएं, शीतलहर की चेतावनी (प्रतिकात्मक फोटो)

इस बीच राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में सर्दी का दौर जारी है जहां बीते चौबीस घंटे में हनुमानगढ़ के संगरिया में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार बीते चौबीस घंटे में राज्य के नागौर में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस , चुरू में 4.6 डिग्री, गंगानगर में 4.9 डिग्री, फतेहपुर में 5.2 डिग्री, बीकानेर में 6.0 डिग्री, जैसलमेर में 6.4 डिग्री व पिलानी में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं राजधानी जयपुर में मंगलवार रात न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इस दौरान राजस्थान के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान 20.6 से 25.7 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार कम तीव्रता के पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बृहस्पतिवार को बीकानेर, जयपुर व भरतपुर संभाग के जिलों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। हालांकि, बारिश की संभावना काफी कम है। वहीं शुक्रवार को एक बार पुनः हिमालय की तरफ से आने वाली ठंडी उत्तरी हवाओं का प्रभाव राज्य में शुरू होगा, इससे 17 से 20 दिसंबर के दौरान बीकानेर, जयपुर संभाग व आसपास के जिलों में शीतलहर चलने की प्रबल संभावना है।

भाषा
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment