राज्यसभा चुनाव: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने किया मतदान

Last Updated 19 Jun 2020 04:22:08 PM IST

राजस्थान में राज्यसभा की तीन सीटों के चुनाव के लिए आज सुबह नौ बजे शुरु हुआ मतदान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित लगभग सभी विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया।


गहलोत ने किया मतदान

मतदान के लिए राज्य में सत्तारुढ़ कांग्रेस एवं विपक्ष भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बसों के जरिए विधानसभा पहुंचे ।

कांग्रेस की ओर से सबसे पहला वोट गहलोत ने डाला। कांग्रेस के पायलट, अन्य मंत्रियों एवं विधायकों ने अपने मत का प्रयोग किया। हालांकि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री मास्टर भंवर लाल मेघवाल अस्वस्थ होने के कारण अपना वोट डालने नहीं आ सके। विधायकों की बाड़ेबंदी के दौरान शुरु में होटल नहीं पहुंचे खाद्य मंत्री रमेश मीणा होटल से अपने सरकारी वाहन से वोट देने विधानसभा पहुंचे।

उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी ने बताया कि कांग्रेस के लगभग सभी विधायक अपना वोट डाल चुके हैं और आस्ट्रेलिया गये पार्टी विधायक वाजिब अली भी हाल में लौट आये हैं और मतदान के लिए विधानसभा आये है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा के इस चुनाव में कांग्रेस के दोनो प्रत्याशी अच्छे मतों से जीत दर्ज करेंगे तथा चुनाव में कांग्रेस का समर्थन कर रहे 125 विधायकों के लक्ष्य से अधिक का ही समर्थन हासिल होगा।

इसी तरह भाजपा के विधायकों में प्रतिपक्ष के नेता गुलाब चंद कटारिया, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनियां, प्रतिपक्ष उपनेता राजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित लगभग सभी विधायकों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वोट डालने के बाद भाजपा के कई विधायक ने भी भाजपा के दोनों प्रत्याशियों के जीतने के दावे किये।

 

वार्ता
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment