राजस्थान के निकाय चुनाव में अपराह्र एक बजे तक 43.06 फीसदी मतदान

Last Updated 16 Nov 2019 09:47:56 AM IST

राजस्थान के 49 नगर निकायों में लगभग 2100 वार्ड पार्षदों के लिए शनिवार सुबह सात बजे से मतदान जारी है।


राजस्थान में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए शनिवार को सभी 49 निकायों में अपराह्र एक बजे तक 43.06 प्रतिशत मतदान हुआ।       

राज्य निर्वाचन विभाग के सूत्रों ने बताया कि नसीराबाद में सर्वाधिक 73.95 प्रतिशत मतदान हुआ जबकि सबसे कम 25 प्रतिशत मतदान उदयपुर नगर निगम में दर्ज किया गया।   

मतदान शनिवार की सुबह सात बजे शुरू हुआ। शुरुआत में मतदान काफी धीमा रहा। हालांकि कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं है। श्रीगंगानगर सहित कई इलाकों में बारिश के कारण मतदान पर असर पड़ा।

उदयपुर में कांग्रेस की प्रमुख नेता गिरिजा व्यास ने सुबह अपने क्षेत्र में मतदान किया। विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाब चंद्र कटारिया ने उदयपुर में और भाजपा के केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने बीकानेर में अपनी पत्नी के साथ मताधिकार का प्रयोग किया।

अजमेर जिले के पुष्कर में इवीएम में खराबी के चलते करीब आधा घंटा विलम्ब से मतदान शुरु हुआ। यहां मशीन में कांग्रेस और भाजपा के चुनाव चिन्ह परस्पर बदले दिखाई दिये। लिहाजा यहां समय पर मतदान शुरु नहीं हो पाया।

राज्य निर्वाचन विभाग के सूत्रों ने बताया कि मतदान आज सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चलेगा। मतदान शांतिपूर्ण करवाने की सभी तैयारियां की गयी हैं।        

राज्य के 49 निकायों में कुल 7944 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। इन 49 निकायों में कुल 2105 वार्ड में चुनाव होना था जिनमें से 14 वार्ड में पार्षद निर्विरोध चुने जा चुके हैं। बाकी में आज मतदान हो रहा है।          

इस चुनाव में कुल 33 लाख छह हजार 912 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिनमें 17 लाख पांच हजार एक पुरूष तथा 16 लाख एक हजार 864 महिला मतदाता शामिल हैं।

भाषा/वार्ता
जयपुर


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment