उत्तर प्रदेश के अमेठी और एटा जिलों में दो लोगों के शव शनिवार को बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों मामलों में जांच की जा रही है।

|
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र स्थित रामगंज तिराहे के पास शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान पूरे घिसही गांव निवासी चंद्रभान उर्फ राजा राम (50) के रूप में हुई है। चंद्रभान शुक्रवार शाम साइकिल से बाजार जाने के लिए घर से निकले थे। शनिवार सुबह उसका शव गांव से कुछ दूरी पर तिराहे के पास मिला।
पुलिस का बताया कि मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की चोट का निशान नहीं है। मोहनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल सकेगा।
वहीं, एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के अलीगंज रोड स्थित मंडी समिति के गेट के पास शनिवार सुबह एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रिजोर थाना क्षेत्र के सराय जवाहरपुर निवासी अमृत सिंह उर्फ अभिनव सिंह (50) के रूप में हुई है।
परिजनों ने बताया कि अमृत सिंह मंडी में शांति स्वरूप फौजी की आढ़त पर मुनीम का कार्य करते थे और अधिक कार्य होने पर रात में वहीं रुक जाया करते थे। शुक्रवार रात भी वह आढ़त पर ही रुके थे, लेकिन शनिवार सुबह उनका शव मंडी गेट के पास मिला।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक शंभू सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
| | |
 |