जम्मू-कश्मीर दुल इलाके में भारतीय सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी

Last Updated 10 Aug 2025 09:52:22 AM IST

जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के दुल इलाके में आज सुबह भारतीय सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई, जोकि अभी भी जारी है। भारतीय सेना आतंकवादियों के खिलाफ जबरदस्त एक्शन ले रही है।


भारतीय सेना के वाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करके आतंकियों के खिलाफ भारतीय सुरक्षा बलों के अभियान की जानकारी दी।

उन्होंने लिखा, "एक खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान के दौरान सतर्क भारतीय सेना के जवानों का 10 अगस्त 2025 की सुबह किश्तवाड़ के दुल इलाके में आतंकवादियों के साथ सामना हुआ, जिसके बाद गोलीबारी हुई। अभियान अभी भी जारी है।"

भारतीय सेना घाटी में पूरी तरह से सतर्क है और आतंकवादियों के मूसूबों को नेस्तनाबूद करने में जुटी हुई है।

बता दें कि शुक्रवार देर रात को कुलगाम जिले के अखल देवसर वन क्षेत्र में चल रहा  आतंकवाद विरोधी अभियान अपने 10वें दिन प्रवेश कर गया। इसमें एक स्थानीय नागरिक भी मारा गया है।

आतंकियों के खिलाफ इस अभियान में सेना के दो जवान शहीद हो गए और चार अन्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। सेना के एक प्रवक्ता ने शनिवार को कहा, "दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के अखल वन क्षेत्र में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी शुक्रवार को रात भर जारी रही, जिसमें दो सैन्यकर्मी शहीद हो गए।"

शुक्रवार देर रात आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच भीषण गोलीबारी में सेना के चार जवान घायल हो गए थे। इनमें से दो की मौत हो गई। दोनों सैनिकों की पहचान 19 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) के कांस्टेबल हरमिंदर सिंह और लांस नायक प्रीतपाल सिंह के रूप में हुई है।

चिनार कोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, "चिनार कोर अपने वीर सैनिकों, लांस नायक प्रीतपाल सिंह और सिपाही हरमिंदर सिंह के सर्वोच्च बलिदान को सम्मान देता है, जिन्होंने राष्ट्र के लिए कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण दिए।

उनका साहस और समर्पण हमें हमेशा प्रेरित करेगा। भारतीय सेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोकग्रस्त परिवारों के साथ एकजुटता से खड़ी है।"

समयलाइव डेस्क
किश्तवाड़


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment