Ahmedabad Plane Crash: आज राजकोट में होगा पूर्व CM विजय रूपाणी का अंतिम संस्कार, अब तक 87 मृतकों की पहचान और 47 शव परिजनों को सौंपे
अहमदाबाद में एयर इंडिया की उड़ान एआई-171 के दुर्घटनाग्रस्त होने के पांच दिन बाद अस्पताल अधिकारियों ने डीएनए मिलान के माध्यम से 87 लोगों की शिनाख्त कर ली है। दुर्घटना में 274 लोगों की मौत हो चुकी है।
![]() |
अहमदाबाद में एअर इंडिया के विमान की भीषण दुर्घटना के चार दिन बाद, अब तक डीएनए मिलान के माध्यम से 87 मृतकों की पहचान कर ली गई है और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अस्पताल अधिकारियों ने मृतकों में शामिल गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पहचान भी रविवार को डीएनए जांच से कर ली और उनके शव को सोमवार को उनके परिवार को सौंप दिया गया है।
सोमवार शाम को अंतिम यात्रा के बाद रूपाणी का अंतिम संस्कार उनके गृहनगर राजकोट में किया जाएगा।
अगस्त 2016 से सितंबर 2021 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे 68 वर्षीय रूपाणी ने कोविड-19 के बाद के महत्वपूर्ण दौर में राज्य का नेतृत्व किया था।
शहर के सिविल अस्पताल में सोमवार को जब रूपाणी का शव उनके परिजनों को सौंपा गया तो उस समय उनकी पत्नी अंजलि रूपाणी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य मंत्री भी मौजूद थे।
गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की।
#WATCH गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने एयर इंडिया विमान दुर्घटना में मारे गए पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। https://t.co/0NnGnrl7Rx pic.twitter.com/yu0cLUxory
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 16, 2025
पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी ने भी अपने पति को भावुक विदाई दी।
#WATCH अहमदाबाद: पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की पत्नी अंजलि रूपाणी ने अपने पति को भावुक विदाई दी। pic.twitter.com/XVVtPrVDcz
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 16, 2025
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जान गंवाने वाले गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के पार्थिव शरीर को आज चार्टर्ड प्लेन से राजकोट ले जाया जाएगा। राजकोट आवास पर शाम 4 बजे से 5 बजे तक आम जनता के अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई है। शाम को अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पार्टी के कार्यकर्ता, समाजसेवी, राजनेता और आमजन भारी संख्या में श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
रूपाणी को श्रद्धांजलि देने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के उनके घर पहुंचने की संभावना है।
रूपाणी, लंदन जा रही एअर इंडिया की उड़ान एआई-171 में सवार 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जो 12 जून को अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी।
विमान में सवार लोगों में से 241 की मौत हो गई। केवल एक यात्री ही बच पाया। इसके अलावा इस त्रासदी में जमीन पर 29 लोगों की मौत हो गई जिसमें एमबीबीएस के पांच छात्र भी शामिल हैं।
अधिकारी मृतकों की पहचान करने के लिए डीएनए परीक्षण कर रहे हैं क्योंकि 12 जून को विमान दुर्घटना में कई लोग इतनी बुरी तरह जल गए थे कि उनके शव पहचाने नहीं जा सके।
अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉ रजनीश पटेल ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘अब तक, 87 डीएनए नमूनों का मिलान किया गया है, और 47 लोगों के शवों को उनके परिवारों को सौंप दिया गया है। ये मृतक गुजरात के विभिन्न हिस्सों, जैसे भरूच, आनंद, जूनागढ़, भावनगर, वडोदरा, खेड़ा, मेहसाणा, अरवल्ली और अहमदाबाद जिलों के रहने वाले थे।’’
उन्होंने बताया कि नौ मृतकों के परिवार वाले अवशेषों को प्राप्त करने का इंतजार कर रहे हैं, वहीं आठ अन्य मृतकों के परिजन कुछ घंटे में पहुंच जाएंगे।
गत बृहस्पतिवार को दोपहर 1.39 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद के एक मेडिकल कॉलेज परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। लंदन जाने वाले इस विमान में सवार 241 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक यात्री चमत्कारिक रूप से बच गया।
दुर्घटना में 29 अन्य लोगों के मारे जाने की भी खबर है, जिनमें पांच एमबीबीएस छात्र शामिल थे।
| Tweet![]() |