पूर्वोत्तर में बाढ़ से बिगड़े हालात: सिक्किम में भूस्खलन से तीन की मौत, छह सुरक्षाकर्मी लापता
सिक्किम के छातेन में एक सैन्य शिविर के भूस्खलन की चपेट में आ जाने से कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और छह सुरक्षाकर्मी लापता हो गए।
![]() सिक्किम में भूस्खलन से तीन की मौत, छह सुरक्षाकर्मी लापता |
अधिकारी ने बताया कि मंगन जिले के लाचेन नगर में भारी बारिश के कारण यह भूस्खलन रविवार शाम करीब सात बजे हुआ।
लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से छातेन इलाके में हुए भीषण भूस्खलन की घटना में तीन सैनिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान हवलदार लखविंदर सिंह, लांस नायक मनीष ठाकुर और पोर्टर अभिषेक लखाड़ा के रूप में हुई है।
बयान के अनुसार, तीनों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि चार अन्य सैनिकों को मामूली चोट आई है। उन्होंने कहा, ‘‘चुनौतियों भरे हालात में बचाव दल लापता छह जवानों की तलाश में जुटा है।’’
मणिपुर में बाढ़ से 19,811 लोग प्रभावित : मणिपुर में नदियों के उफान पर होने और तटबंधों के टूटने के कारण आई बाढ़ से 19,000 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
पिछले चार दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण आई बाढ़ से 3365 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं और 19,811 लोग प्रभावित हुए हैं।
लोगों को घरों और प्रभावित इलाकों से निकाल कर 31 राहत शिविरों में पहुंचाया गया है। ये राहत शिविर अधिकतर इंफाल ईस्ट जिले में बनाए गए हैं।
इंफाल ईस्ट जिले के हेइगांग, वांगखेई और खुरई विधानसभा क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हैं।
| Tweet![]() |