कोलकाता के होटल में लगी भीषण आग, 14 की मौत; PM मोदी ने जताया दुख, मुआवजे का किया ऐलान
कोलकाता के बड़ा बाजार स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया।
![]() |
यह घटना मंगलवार देर रात की है। कोलकाता के बड़ा बाजार के मछुआ फल मंडी स्थित ऋतुराज होटल में अचानक आग लगी थी। यह आग इतनी भीषण थी कि इसने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया और होटल के अंदर धुआं भर गया। इस दौरान होटल में मौजूद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
हालांकि, धुएं की वजह से कई लोग होटल के अंदर ही फंस गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने लोगों को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। फायर ब्रिगेड की टीम को दीवार तोड़कर होटल के अंदर घुसना पड़ा, लेकिन आग की चपेट में आने से 14 लोगों की जान चली गई। इसके अलावा, कई लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होटल में आग मंगलवार देर रात करीब 9 बजे के आसपास लगी थी। आग लगने के कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है।
इस बीच, इस घटना में आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया। साथ ही उन्होंने मृतकों और घायलों के लिए मुआवजे का भी ऐलान किया।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने बुधवार को एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर कर बताया, "कोलकाता में आग लगने की दुर्घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।"
पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, "कोई भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करता है। सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि पैसे से सब कुछ हासिल किया जा सकता है। अवैध निर्माण होते हैं, और जहां चाहो वहां बाजार खुल जाते हैं। नतीजतन, ऐसी घटनाएं होती हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने सारे लोग मारे गए हैं। मगर, सरकार को इस मामले को और गंभीरता से लेने की जरूरत है।"
पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने भी घटना पर दुख जताया। उन्होंने एक बयान में कहा, "मछुआ बाजार के एक होटल में लगी आग में 14-15 लोगों की मौत हो गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यह महज एक घटना नहीं है बल्कि यह हत्या है, क्योंकि ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं। कोलकाता में स्थिति बेहद खराब है। फायर ब्रिगेड मंत्री और मुख्यमंत्री को इस पर ध्यान देना चाहिए, लेकिन मुख्यमंत्री के पास समय ही कहां है। वह सिर्फ जश्न मनाने में व्यस्त हैं।"
| Tweet![]() |