केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड, मलबे में 100 लोग दबे,5 की मौत

Last Updated 30 Jul 2024 08:02:56 AM IST

भीषण बारिश ने जहां देश के कई राज्यों में तबाही मचा रखी है वहीं केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड हुई है।


केरल के वायनाड में लैंडस्लाइड

बताया जा रहा है कि इसमें 100 से ज्यादा लोग फंस गए हैं। जबकि 5 लोगों के मौत की भी खबर आ रही है। लोगों को बचाने के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 2 बच्चों के साथ पांच लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक लैंडस्लाइड मंगलवार की सुबह तड़के करीब 2 बजे हुई। इसके बाद सुबह करीब 4.10 बजे फिर एक बार लैंडस्लाइड हुई। अन्य स्रोंतों से मिली जानकारी के मुताबिक लैंडस्लाइड के चलते करीब 100 से ज्यादा लोग मलबे में फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है

लैंडस्लाइड से घायल होने वाले 16 लोगों को वायनाड के मेप्पाडी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा है कि वायनाड में भूस्खलन के बाद सभी संभावित बचाव कार्यों का समन्वय किया जाएगा। घटना के बारे में पता चलते ही सरकारी तंत्र बचाव अभियान में जुट गया है। रेस्क्यू ऑपरेशन में राज्य की सभी सरकारी एजेंसियां लगी हुई हैं। इलाके के सीएमओ के मुताबिक भारी बारिश के बाद वायनाड में भूस्खलन हुआ है। यहां राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने एक कंट्रोल रूम स्थापित कर लिया है। आपातकालीन सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 9656938689 और 8086010833 भी जारी किए गए हैं। वायुसेना के दो हेलीकॉप्टर Mi-17 और एक ALH सुबह 7.30 बजे तमिलनाडु के सुलूर से रवाना कर दिए गए हैं।

लैंडस्लाइड के बाद सीएमओ की तरफ से बयान जारी कर कहा गया है कि भूस्खलन को देखते हुए थामरसेरी दर्रे से होकर जरूरी वाहनों के अलावा दूसरे वाहनों के जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। दर्रे से होकर जाने वाले रासते को प्रशस्त करने के लिए सभी को तत्पर रहने को कहा गया है। ताकी दर्रे में ट्रैफिक जाम न हो और बचाव सामग्री मुंदकई तक पहुंचाई जा सके।

बता दें कि वायनाड कांग्रेस के दिग्गज नेता और वर्तमान में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का लोकसभा क्षेत्र रह चुका है। इस साल (2024) भी राहुल गांधी ने रायबरेली के साथ-साथ वायनाड से भी लोकसभा चुनाव जीता था, हालांकि बाद में उन्होंने वायनाड सीट छोड़ दी।
 

 

 

समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment