जम्मू कश्मीर: बारिश-भूस्खलन के कारण राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' एक दिन के लिए रद्द

Last Updated 25 Jan 2023 12:48:08 PM IST

जम्मू और कश्मीर में वर्षा और भूस्खलन की वजह से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा फिलहाल रोक दी गई है।


खराब मौसम और रामबन जिले में जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर पत्थरों के गिरने के कारण कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा चरण बुधवार को रद्द कर दिया गया।

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने ट्विटर पर कहा, खराब मौसम की स्थिति और क्षेत्र में भूस्खलन के कारण, रामबन और बनिहाल में भारत जोड़ो यात्रा का दोपहर का चरण रद्द कर दिया गया है। कल आराम का दिन है और यात्रा 27 जनवरी के अगले दिन सुबह 8 बजे फिर से शुरू होगी।

इससे पहले अपनी पहचान बन चुकी सफेद टी-शर्ट पहनकर ही यात्रा शुरू करने वाले राहुल ने बाद में एक काला रेनकोट पहन लिया। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक हाथों में तिरंगा लेकर राहुल के स्वागत के लिए रास्ते पर जमा हुए हैं।

जम्मू कश्मीर कांग्रेस के अध्यक्ष विकार रसूल वानी को राहुल गांधी के साथ चलते हुए और अनेक नेताओं से उनका परिचय कराते हुए देखा गया।

यात्रा के लांबर शिविर स्थल में कुछ इंच तक बर्फ गिरी है, वहीं बनिहाल में रात भर तेज बारिश हुई है। मौसम विभाग ने आज मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है।

राहुल की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को कन्याकुमारी से शुरू हुई थी और इसने पंजाब से होते हुए बृहस्पतिवार को जम्मू कश्मीर में प्रवेश किया।

बनिहाल में विश्राम के बाद यात्रा 27 जनवरी की सुबह कश्मीर के लिए रवाना होगी। राहुल गांधी बनिहाल में गणतंत्र दिवस मना सकते हैं और इस अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहरा सकते हैं।

यात्रा के अंत में राहुल गांधी का 30 जनवरी को श्रीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा शेर-ए-कश्मीर क्रिकेट स्टेडियम में रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

भाषा/आईएएनएस
रामबन/जम्मू


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment