कर्नाटक: पुल से नीचे गिरी बस में लगी आग, 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Last Updated 03 Jun 2022 12:35:53 PM IST

कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में शुक्रवार तड़के हैदराबाद जा रही स्लीपर बस में आग लगने से कम से कम सात लोगों की जलकर मौत हो गई।


सूत्रों ने बताया कि सभी मृतक हैदराबाद के रहने वाले थे। करीब 12 यात्री घायल हो गए हैं, जिन्हें कलबुर्गी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कलबुर्गी जिले की पुलिस अधीक्षक ईशा पंथ ने कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार यह संदेह है कि 7 से 8 यात्री बस के अंदर फंस गए थे, जिस कारण उनकी जलकर मौत हो गई।

उन्होंने कहा कि हालांकि, इस स्तर पर त्रासदी में मौतों की सही संख्या बताना संभव नहीं है।

घटना बीदर-श्रीरंगपटना हाईवे पर कलबुर्गी जिले के कमलापुर तालुक के बाहरी इलाके में सुबह करीब 6.30 बजे हुई। बस गोवा से हैदराबाद जा रही थी।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक लॉरी से टकराने के बाद बस में आग लग गई। हादसे के वक्त बस में 35 से ज्यादा यात्री सवार थे।

निजी बस गोवा में ऑरेंज कंपनी की थी। टक्कर के बाद बस में आग लगने के कारण स्थानीय लोग उसके पास नहीं जा सके। उन्होंने पुलिस, फायर ब्रिगेड और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया।

आईएएनएस
कलबुर्गी


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment