असम में बाढ़-भूस्खलन से तबाही, 2 लाख लोग प्रभावित, 5 की मौत; ट्रेन सेवाएं भी बाधित
असम में आई बाढ़ से 20 जिलों के लगभग दो लाख लोग प्रभावित हुए हैं तथा लगातार बारिश से आए भूस्खलन के कारण रेल एवं सड़क संपर्क टूट गया है। एक आधिकारिक बुलेटिन में सोमवार को यह जानकारी दी गई।
![]() असम में बाढ़-भूस्खलन से तबाही, 5 की मौत |
बुलेटिन के अनुसार दीमा हसाओ पर्वतीय जिले का संपर्क देश के शेष हिस्सों से टूट गया है।
इसके अनुसार कछार जिले में बाढ़ से दो लोगों की मौत हुई, जबकि इससे पहले, भूस्खलन के कारण दीमा हसाओ में तीन लोगों की मौत हुई थी।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के बुलेटिन में बताया गया कि बाढ़ से लगभग 1,97,248 लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें से होजई में 78,157 और कछार में 51,357 लोग प्रभावित हुए हैं।
Assam | Flood situation worsens in Kampur of Nagaon District, people forced to leave houses pic.twitter.com/zxpUQgEr2j
— ANI (@ANI) May 17, 2022
इस बीच, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) ने एक विज्ञप्ति में बताया कि भारी भूस्खलन और लगातार बारिश की वजह से पटरियों पर जलजमाव होने के कारण असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी खंड में दो दिनों से फंसी दो ट्रेनों के लगभग 2800 यात्रियों को निकालने का काम सोमवार को वायु सेना और अन्य एजेंसियों की मदद से पूरा हो गया।
उसने बताया कि कई यात्रियों को वायु सेना द्वारा निकाला गया क्योंकि शनिवार से जारी लगातार बारिश से बचाव अभियान बाधित हुआ था। दो ट्रेनें दीमा हसाओ जिले में एनएफआर के लुमडिंग खंड में फंसी हुई थीं।
विज्ञप्ति के अनुसार प्रभावित क्षेत्र में शनिवार से खंड की लगभग 18 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और 10 से अधिक अन्य ट्रेनों को कुछ समय के लिए टाल दिया गया है।
| Tweet![]() |