Punjab Election: भाजपा ने जारी की 27 उम्मीदवारों की नई सूची, जानिए कौन कहां से लड़ेगा चुनाव

Last Updated 27 Jan 2022 03:57:50 PM IST

पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने 27 उम्मीदवारों की अपनी नई सूची जारी कर दी है।


इससे पहले भाजपा ने 21 जनवरी को दिन में अपने 34 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी और 21 जनवरी को ही देर रात पार्टी ने अपने प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा को पठानकोट से उम्मीदवार बनाने का भी एलान किया था। इस तरह से पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा अब तक अपने 62 उम्मीदवारों को चुनावी मैदान में उतार चुकी है।



भाजपा ने पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला को फगवाड़ा और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष इकबाल सिंह लालपुरा को रूपनगर से चुनावी मैदान में उतारा है। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में शामिल होने वाले फतेहजंग सिंह बाजवा को बटाला और हरजोत कमल को मोगा से अपना उम्मीदवार बनाया है।

गुरुवार को जारी अपनी नई सूची में भाजपा ने सीमा कुमारी को भोआ, परमिंदर सिंह गिल को गुरदासपुर, बलविंदर कौर को अटारी, सुरिंदर महे को करतारपुर, परमिंदर शर्मा को आनंदपुर साहिब, प्रवीण बंसल को लुधियाना उत्तर, वंदना सागवान को बलुआना और विकास शर्मा को घनौर से अपना उम्मीदवार बनाया है।

आपको बता दें कि, गठबंधन दलों के साथ हुए समझौते के मुताबिक भाजपा राज्य की 117 सदस्यीय विधानसभा में से 65 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पार्टी की पहली सूची में किसान परिवारों के 12 नेताओं, 13 सिखों और आठ दलितों को टिकट दिया गया था। भाजपा की सहयोगी अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस 37 और सुखदेव सिंह ढींढसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल ( संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

राज्य में 20 फरवरी को चुनाव होगा और मतगणना 10 मार्च को होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और उसने 23 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। हालांकि वह मात्र तीन सीट ही जीत सकी थी। वर्तमान में उसके दो ही विधायक हैं, क्योंकि एक सीट पर उपचुनाव में उसके उम्मीदवार को पराजय का मुंह देखना पड़ा था।

अमरिंदर सिंह ने भी 22 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान अजितपाल सिंह को नकोदर से प्रत्याशी बनाया गया है। अमरिंदर खुद पटियाला शहर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
 

आईएएनएस/भाषा
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment