गुजरात: भरूच में रसायन फैक्ट्री में धमाके के साथ लगी आग, 20 लोग घायल

Last Updated 23 Feb 2021 01:28:53 PM IST

गुजरात के भरूच जिले में मंगलवार को एक रसायन फैक्ट्री में जबरदस्त धमाके के बाद भीषण आग लग गयी, जिससे कम से कम 20 कर्मी घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी।


पुलिस निरीक्षक पी एच वसावा ने बताया कि यूनाइटेड फॉस्फोरस लिमिटेड की इकाई में आग देर रात करीब दो बजे लगी। झगड़िया औद्योगिक क्षेत्र में स्थित इस फैक्ट्री में दवाइयों में इस्तेमाल होने वाले रसायनों का उत्पादन होता है।    

अधिकारी ने बताया कि धमाका इतना जोरदार था कि उसे घटनास्थल से काफी दूरी पर मौजूद लोगों ने भी सुना। उन्होंने बताया, ‘‘घटना में कम से कम 20 कर्मी घायल हुए हैं। इनमें से आठ को भरूच और अंकलेर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है जबकि 12 अन्य को शुरुआती इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी।’’    

उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर दमकल की करीब 15 गाड़ियां भेजी गयीं और सुबह करीब साढे छह बजे आग पर काबू पा लिया गया।    

अधिकारी ने बताया कि इकाई के परिसर के अत्यधिक गर्म हो जाने के चलते बचाव कार्य में लगे लोग फैक्ट्री के भीतर नहीं जा सके लेकिन वे अब भी भीतर जाने का प्रयास कर रहे हैं।    उन्होंने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है।

भाषा
भरूच (गुजरात)


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment