कोरोना वायरस : विमान में उलटी करने के बाद यात्री की पुणे में अलग केंद्र में रखा गया

Last Updated 07 Feb 2020 03:27:55 PM IST

दिल्ली से पुणे जा रही एअर इंडिया की एक उड़ान में बीच रास्ते में एक चीनी व्यक्ति के उलटी करने के बाद उसे शुक्रवार को यहां नगर निगम के नायडू अस्पताल के पृथक केंद्र में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।


कोरोना वायरस से संक्रमण के संदेह में उसे अस्पताल में अलग-थलग रखा गया है।      

एअर इंडिया के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह सात बजे पुणे हवाईअड्डे पर विमान के उतरने के बाद यात्री को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अधिकारी ने कहा, ‘‘यात्री एअर इंडिया की उड़ान से दिल्ली से पुणे आ रहा था। उसने जी मिचलाने की शिकायत की और विमान में ही उलटी कर दी। पुणे हवाईअड्डे पर विमान के पहुंचने के बाद, उसे तत्काल अन्य यात्रियों अलग किया गया और नायडू अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’      

पुणे नगर निगम(पीएमसी) के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रामचंद्र हनकारे ने बताया कि यात्री चीनी नागरिक है।      

उन्होंने कहा, ‘‘उसके यहां पहुंचने के बाद तत्काल उसे अन्य यात्रियों से अलग किया गया और नायडू अस्पताल ले जाया गया। उसके खून और लार के नमूने को जांच के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान, पुणे भेज दिया गया है।’’      

पुणे हवाईअड्डे के अधिकारियों के मुताबिक बाद में विमान की अच्छी तरह से साफ-सफाई की गई। साफ-सफाई के कारण उड़ान में देर हुई।     

 नायडू अस्पताल महाराष्ट्र के उन तीन अस्पतालों में एक है, जहां कोरोना वायरस के संदिग्ध मामलों से निपटने के लिए पृथक केंद्र बनाए गए हैं।       

महाराष्ट्र में अब तक एक भी ऐसा मामला सामने नहीं आया है, जिसमें इस वायरस से संक्रमण की पुष्टि हुई हो।      

चीन के हुबेई प्रांत के वुहान शहर से फैला यह वायरस अबतक भारत(केरल में तीन मामलों की पुष्टि हुई है), अमेरिका, ब्रिटेन सहित 25 देशों में फैल चुका है।
 

 

भाषा
पुणे


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment