दक्षिणी मुंबई में कसाब पुल ढहा, 5 की मौत, 36 घायल

Last Updated 15 Mar 2019 01:12:47 AM IST

दक्षिणी मुंबई में एक रेलवे स्टेशन के पास बृहस्पतिवार शाम पैदल पार पुल का बड़ा हिस्सा ढह जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और 36 घायल हो गए।


मुंबई में बृहस्पतिवार को रेलवे स्टेशन का फुटओवर ब्रिज (इनसेट) ढहने के बाद राहत एवं बचाव कार्य में जुटे स्थानीय लोग।

अधिकारियों ने यह जानकारी दी। प्रसिद्ध सीएसएमटी स्टेशन के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के पास वाले इलाके को जोड़ने वाले इस पुल को आम तौर पर ‘कसाब पुल’ के नाम से जाना जाता है क्योंकि 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले के दौरान आतंकवादी इसी पुल से गुजरे थे। आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को निकटवर्ती अस्पतालों में ले जाया गया है।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि जब पुल ढहा तब पास के सिग्नल पर लाल बत्ती के चलते ट्रैफिक रुका हुआ था और इसी कारण से ज्यादा मौतें नहीं हुई। वहीं अन्य प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह पुल पर मरम्मत कार्य चल रहा था इसके बावजूद इसका इस्तेमाल किया गया। अधिकारी ने बताया कि घटना शाम साढे सात बजे हुई जब पुल का अधिकांश हिस्सा गिर गया।
उन्होंने बताया, ‘‘दमकल कर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य तेजी से चल रहा है। हमने मोटर यात्रियों से डी एन मार्ग से लेकर जे जे फ्लाईओवर तक के रास्ते पर जाने से बचने के लिए कहा है।’’

मुंबई पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘सीएसटी के प्लेटफॉर्म संख्या एक के उत्तरी छोर को टाइम्स ऑफ इंडिया इमारत के पास बीटी लेन से जोड़ने वाला पैदल पार पुल ढह गया है। यातायात प्रभावित हो गया है। यात्री अन्य मागरें का इस्तेमाल करें। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं।’’
पुलिस प्रवक्ता मंजूनाथसिंगे ने बताया कि मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभु (35), रंजना ताम्बे (40), भक्तिशिंदे (40), जाहिद शिराज खान (32) और टीसिंह (35) के रूप में हुई है।
प्रभु और ताम्बे जीटी अस्पताल में काम करते थे।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फड़णवीस ने मृतकों के परिजन के लिए पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि 40 साल पुराने इस पुल के गिरने की जांच एक उच्चस्तरीय समिति करेगी।
घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। उनके इलाज का खर्च सरकार वहन करेगी।

 

भाषा
मुंबई


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment