Delhi Weather: 13 साल में सबसे ठंडी रही यह जनवरी, घने कोहरे के बीच बारिश का अलर्ट

Last Updated 31 Jan 2024 09:53:46 AM IST

मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर घने कोहरे और तेज हवाओं के साथ आज हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।


भारत मौसम विज्ञान (IMD) विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के औसत से एक डिग्री कम है।

दिन के लिए आईएमडी के पूर्वानुमान से पता चला है कि अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

आज सुबह, दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्र घने कोहरे से ढके रहे, जिससे विजिबिलिटी शून्य हो गई और सड़क, रेल और हवाई यात्रा में महत्वपूर्ण व्यवधान हुआ।



हिमालय क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के चलते राजधानी में अगले दो दिनों तक प्रतिकूल मौसम की स्थिति बने रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, "घना कोहरा होगा और शाम या रात में तेज हवा के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी"।

शहर भर के कई स्टेशनों पर हवा की गुणवत्ता 'बहुत खराब' श्रेणी में बनी रही, विभिन्न स्टेशनों पर यह 'गंभीर' श्रेणी में भी देखी गई।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, आनंद विहार इलाके में सुबह 9 बजे पीएम 2.5 का स्तर 'बहुत खराब' श्रेणी में 396 दर्ज किया गया और पीएम 10 का स्तर 306 पर पहुंच गया।

13 साल में सबसे ठंडी रही यह जनवरी

दिल्ली में इस महीने 30 जनवरी तक औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 13 वर्षों में सबसे कम है। मंगलवार तक के आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई।

आंकड़ों के अनुसार, इसी अवधि के दौरान राष्ट्रीय राजधानी में औसत न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो 13 वर्षों में दूसरी बार सबसे कम रहा।

दिल्ली के कुछ हिस्सों में मंगलवार सुबह कोहरा छाया रहा और सफदरजंग वेधशाला ने न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्षिक आर्द्रता 100 प्रतिशत दर्ज की गई।

आंकड़ों के मुताबिक, एक से 30 जनवरी के दौरान दिल्ली में औसत अधिकतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो 13 वर्षों में सबसे कम है। जनवरी 2012 में पूरे महीने का औसत अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 19.7 डिग्री सेल्सियस और 7.5 डिग्री रहा था जबकि जनवरी 2013 में यह क्रमश 19 डिग्री और 6.1 डिग्री दर्ज किया गया था।

मौसम कार्यालय ने बुधवार को अधिकांश स्थानों पर घने कोहरे और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान जताया है। दिल्ली में बुधवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश 10 डिग्री सेल्सियस और 19 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्ली में मंगलवार रात 11 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 357 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।

शून्य और 50 के बीच एक एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ तथा 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।

भाषा/आइएनएस
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment