दिल्ली बाढ़ : अभी भी अलर्ट मोड में दिल्ली, मौसम विभाग की चेतावनी- आज हो सकती है भारी बारिश, येलो अलर्ट

Last Updated 16 Jul 2023 07:04:34 AM IST

पिछले कई दिनों से यमुना नदी के उफान की शिकार दिल्ली को फिलहाल राहत मिलती नहीं दिख रही है।


अभी भी अलर्ट मोड में दिल्ली

शनिवार को हालांकि जलस्तर में गिरावट आई है लेकिन शाम होते-होते कई इलाकों में भारी बारिश हुई जिससे जलभराव और यातायात जाम की समस्या खड़ी हो गई। यही नहीं, मौसम विभाग ने रविवार के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है।

मध्य दिल्ली के कई वीआईपी इलाके जलभराव की वजह से ठप रहे। आईटीओ, राजघाट, आईएसबीटी, लालकिला के पीछे स्थित रिंग रोड, यमुना बाजार में पानी अभी भरा हुआ है। सरकार का दावा है कि करीब 22 हजार लोग विस्थापन के शिकार हुए हैं। उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।

उधर, जलभराव की वजह से ठप हुए तीन जलशोधन संयंत्रों में से ओखला संयंत्र चालू हो गया है। मुख्यमंत्री केजरीवाल का कहना है कि चंद्रावल और वजीराबाद जलशोधन संयंत्र रविवार से काम करना शुरू कर देंगे। 

यमुना में तीन दिन तक जलस्तर लगातार बढ़ने के बाद शुक्रवार से इसमें कमी आनी शुरू हुई। शनिवार शाम 7 बजे तक जलस्तर कम होकर 206.87 मीटर पर पहुंचा जबकि बृहस्पतिवार रात आठ बजे यमुना का जल स्तर 208.66 मीटर था। बहरहाल, यमुना अब भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से डेढ़ मीटर ऊपर बह रही है।

केजरीवाल ने मंत्रियों की लगाई क्षेत्रवार ड्यूटी

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मंत्रिमंडल की बैठक कर बाढ़ प्रभावित जिलों में जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के लिए अपने मंत्रियों की ड्यूटी लगाई है।

-   सिंचाई एवं बाढ़ नियंतण्रमंत्री सौरभ भारद्वाज - पूर्वी दिल्ली
-   पीडब्ल्यूडी मंत्री आतिशी - पूर्वोत्तर जिला वन एवं पर्यावरण मंत्री गोपाल राय - शाहदरा
-   परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत - दक्षिण-पूर्वी दिल्ली
-    खाद्य मंत्री इमरान हुसैन - मध्य जिला

समयलाइव डेस्क
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment