दिल्ली में मंडराया बाढ़ का खतरा, यमुना के उफान ने तोड़ा रिकार्ड, 207.83 मीटर यमुना का मौजूदा जलस्तर, धारा 144 लागू
दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी के बाढ़-संभावित क्षेत्रों में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी, क्योंकि यमुना नदी का जलस्तर 207.83 मीटर तक बढ़ गया।
![]() दिल्ली में यमुना में उफान |
बता दें कि इससे पहले 1978 में यमुना नदी का जलस्तर यहां रिकॉर्ड 207.49 मीटर तक पहुंचा था। धारा 144 चार या उससे अधिक व्यक्तियों के गैर-कानूनी जमावड़े और आवाजाही को प्रतिबंधित करती है।
दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) ने एक परामर्श जारी कर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है और निचले इलाकों में आवाजाही न करने की चेतावनी दी है।
हेल्पलाइन नम्बर जारी
इसमें कहा गया है कि चूंकि यमुना नदी (Yamuna River) में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है, इसलिए लोगों को बिजली लाइन से दूर रहना चाहिए और किसी भी जरूरत की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर-1077 पर संपर्क करना चाहिए।
दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी ने कहा, दिल्ली सरकार नदी के तटबंधों को मजबूत कर रही है और लोगों को बाढ़-प्रभावित क्षेत्रों से बाहर निकाल रही है।
जलस्तर और बढ़ने की आशंका
दिल्ली में पिछले तीन दिनों में यमुना का जल स्तर बहुत तेजी से बढ़ा है। दिल्ली में हालात जल्द सुधरने की संभावना नहीं है, क्योंकि भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शहर में अगले चार से पांच दिनों तक लगातार बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने बताया, जलस्तर और बढ़ने की आशंका है।
| Tweet![]() |