MCD Polls : प्रचार के मेगा शो में भाजपा के निशाने पर रही केजरीवाल सरकार

Last Updated 21 Nov 2022 06:58:12 AM IST

भाजपा ने दिल्ली नगर निगम के चुनाव प्रचार की शुरुआत मेगा रोड शो के साथ की।


एमसीडी चुनाव प्रचार के मेगा शो में भाजपा के निशाने पर रही केजरीवाल सरकार

राजधानी के अलग-अलग जिलों में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, असम के मुख्यमंत्री हिमन्ता बिस्वा सरमा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी,  समेत वरिष्ठ नेताओं ने विजय संकल्प रोड किए। पार्टी के नेता खुली गाड़ियों में दिल्ली के लोगों का अभिवादन कर रहे थे। कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के बड़े बड़े कटआउट लेकर चल रहे थे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का विजय संकल्प रोड शो दक्षिणी दिल्ली हमदर्द मोड़ से शुरू हुआ। सांसद रमेश बिधूड़ी, अनिल बलूनी, नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी, जिला अध्यक्ष रोहताश बिधूड़ी उनके साथ थे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज हमने दिल्ली में विजय शंखनाद किया है।  देश भर के लोगों की तरह दिल्ली के लोग भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओर विकास एवं प्रगति के लिए देख रहे हैं। उन्होंने कहा  दिल्ली वालों ने बीते सालों में केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार के कारनामें देखे हैं। दिल्ली के लोग सुबह जागते हैं, तो केजरीवाल सरकार के भ्रष्टाचार का एक नया कारनामा पढ़ने को मिलता है। उनके मंत्री के जेल के वीडियो दिल्ली वालों ने देखें हैं। उनका विास अब केजरीवाल सरकार से उठ गया है। दिल्ली के लोग आम आदमी पार्टी को माफ नहीं करेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का विजय संकल्प रोड शो रामा पार्क उत्तम नगर से शुरू  होकर विकासपुरी तक गया। सांसद प्रवेश साहिब सिंह उनके साथ थे। रास्ते में लोगों ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता का विजय संकल्प रोड शो फतेहपुरी से शुरू होकर पहाड़ी धीरज पर  संपन्न हुआ। प्रदेश चुनाव समिति प्रमुख आशीष सूद, जिला अध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह निगम चुनाव प्रत्याशी उनके साथ थे। केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का विजय संकल्प रोड शो महरौली विधानसभा के विभिन्न वार्डों में गया। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का विजय संकल्प रोड शो मंगोलपुरी विधानसभा, मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर का विजय संकल्प रोड शो नरेला विधानसभा में निकला, उनके साथ सांसद हंसराज हंस व कुलजीत सिंह चहल भी थे। मुख्यमंत्री हिमन्ता बिस्वा सरमा का विजय संकल्प रोड शो पांचवें पुस्ता घोंडा विधानसभा से प्रारंभ होकर भजनपुरा चौक पर संपन्न हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का विजय संकल्प रोड शो शालीमार बाग विधानसभा में, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विजय संकल्प रोड शो पटपड़गंज विधानसभा के श्रीराम चौक देवली, विनोद नगर होते हुए मंडावली में संपन्न हुआ। उनके साथ स्थानीय सांसद गौतम गंभीर समेत अन्य पदाधिकारी भी थे।
सांसद मीनाक्षी लेखी का विजय संकल्प रोड शो करोल बाग विधानसभा के शादीपुर चौक तक गया। केंद्रीय राज्य मंत्री  जितेन्द्र सिंह का विजय संकल्प रोड शो ग्रेटर कैलाश विधानसभा में, उत्तर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी का विजय संकल्प रोड शो रोहताश नगर एवं बाबरपुर में निकला। भोजपुरी नायक एवं भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’ का विजय संकल्प रोड शो राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र में, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ संबित पात्रा का रोड शो लक्ष्मी नगर विधानसभा क्षेत्र में निकला। इसमें पार्टी के विधायक ओपी शर्मा, अभय वर्मा एवं अनिल वाजपेयी भी शामिल थे।

सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली


Post You May Like..!!

Latest News

Entertainment